BJP ज्वाइन करेंगे DK शिवकुमार? विधानसभा में गाया 'नमस्ते सदा वत्सले मातृभूमे', आ गया सियासी भूचाल

DK Shivakumar RSS Anthem: कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार अचानक से विधानसभा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का गीत ‘नमस्ते सदा वत्सले…’ गाने लगे। इस पर भाजपा के लोगों ने मेज थपथपाकर इसका स्वागत किया।
DK Shivkumar Narendra Modi
PM मोदी के साथ DK शिवकुमार (File Photo)
Published on
Updated on

RSS Anthem: कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डी. के. शिवकुमार ने गुरूवार को विधानसभा में चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास मची भगदड़ पर चर्चा के दौरान RSS की प्रार्थना की कुछ पंक्तियां गाईं। जिसने सबको चौंका दिया। आईपीएल में आरसीबी की जीत के बाद आयोजित किए गए कार्यक्रम के दौरान हुई भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई थी। शिवकुमार को इस चर्चा के दौरान आरएसएस की शाखाओं में की जाने वाली प्रार्थना ‘नमस्ते सदा वत्सले मातृभूमे’ की शुरुआती कुछ लाइन गाते देखा गया, जब बीजेपी विधायक उन पर ‘भगदड़ के दौरान उकसाने’ का आरोप लगा रहे थे।

क्या कहा शिवकुमार ने?

भाजपा विधायकों ने आरोप लगाया कि शिवकुमार बेंगलुरु हवाई अड्डे पर आरसीबी टीम के आगमन पर खिलाड़ियों को लेने पहुंचे थे और हवाई अड्डे से चिन्नास्वामी स्टेडियम तक वो कन्नड़ झंडा लहराते रहे। इन सभी आरोपों का जवाब देते हुए, शिवकुमार ने कहा कि ‘‘मैं कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (KSCA) का सदस्य हूं और केएससीए सचिव समेत संस्था के लोग मेरे मित्र हैं। मैं बेंगलुरु का प्रभारी मंत्री हूं। मैं (4 जून को) हवाई अड्डे और स्टेडियम गया था। मैंने कर्नाटक का झंडा भी थामा, उन्हें (RCB को) शुभकामनाएं दीं और कप को भी चूमा। मैंने अपना काम किया।’’

ऐसी घटनाएं दूसरे प्रदेशों में भी

डीके शिवकुमार ने आगे कहा कि दुर्घटना हुई। ऐसी घटनाएं दूसरे प्रदेशों में भी हुई हैं। जरूरत पड़ने पर मैं उन सभी घटनाओं की सूची भी पढ़कर सुनाऊंगा, जो अन्य जगहों पर हुई हैं। उन्होंने कहा कि मेरे पास भी आपके बारे में कहने के लिए बहुत कुछ है। शिवकुमार ने ये भी कहा कि वो गृह मंत्री जी परमेश्वर के साथ पले-बढ़े हैं। इस पर, विपक्ष के नेता, आर अशोक ने शिवकुमार को याद दिलाया कि उन्होंने एक बार कहा था कि वो ‘आरएसएस की चड्डी’ पहनते हैं।

कांग्रेस खेमे में सन्नाटा

बीजेपी नेता की इसी बहात पर शिवकुमार ने मुस्कराते हुए ‘नमस्ते सदा वत्सले मातृभूमे......’ गाना शुरू कर दिया। विपक्ष ने उनके इस बात पर मेजें थपथपाईं, लेकिन कांग्रेस खेमे में सन्नाटा छाया रहा। बीजेपी विधायक वी. सुनील कुमार ने चुटकी लेते हुए कहा कि उम्मीद है कि यह पंक्तियां रिकॉर्ड से नहीं हटाई जाएंगी। डीके शिवकुमार ने कहा कि आपको गर्व होना चाहिए कि इस सरकार ने तत्काल कार्रवाई की और पुलिस अधिकारियों और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ एक्शन लिया।

भाजपा में शामिल होंगे शिवकुमार?

उनका संघ की प्रार्थना गाते हुए वीडियो वायरल होते ही भाजपा की ओर झुकाव को लेकर सवाल उठने लगे। डीके शिवकुमार ने शुक्रवार को स्पष्ट किया कि वो एक कट्टर कांग्रेसी नेता हैं। डीके शिवकुमार ने कहा कि मैं जन्मजात कांग्रेसी हूं, भाजपा-आरएसएस से हाथ मिलाने का कोई सवाल ही नहीं उठता। उन्होंने विधानसभा में संवाददाताओं से कहा कि मेरा खून कांग्रेस है और मेरा जीवन भी कांग्रेस है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com