कांग्रेस MLA गद्दाम प्रसाद कुमार ने तेलंगाना विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए दाखिल किया नामांकन

Gaddam Prasad Kumar
Published on: 
Updated on: 

हैदराबाद: कांग्रेस विधायक गद्दाम प्रसाद कुमार (Gaddam Prasad Kumar) ने तेलंगाना विधानसभा अध्यक्ष पद (Telangana Assembly Speaker) के लिए बुधवार को अपना नामांकन दाखिल किया। इस पद पर प्रसाद कुमार का चुना जाना तय माना जा रहा है क्योंकि भारतीय जनता पार्टी (BJP) को छोड़कर, विधानसभा में भारत राष्ट्र समिति (BRS), ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिममीन (AIMIM) और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) सहित अन्य सभी दलों ने उनकी उम्मीदवारी का समर्थन किया है।

विधान सचिव के समक्ष नामांकन दाखिल किए जाने के समय मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी, उनके मंत्रिमंडल सहयोगी, बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष के टी रामा राव, एआईएमआईएम विधायक और एकमात्र भाकपा विधायक कुनामनेनी संबाशिव राव भी उपस्थित थे। विधानमंडल सचिव ने पहले बताया था कि नामांकन बुधवार सुबह साढ़े दस बजे से शाम पांच बजे तक स्वीकार किए जाएंगे जबकि मतदान बृहस्पतिवार को होगा।

प्रसाद कुमार विकाराबाद (एससी) से विधायक चुने गए हैं और अविभाजित आंध्र प्रदेश में कांग्रेस शासन के दौरान मंत्री रहे थे। अस्थायी अध्यक्ष (प्रोटेम स्पीकर) नियुक्त किए गए ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) विधायक अकबरुद्दीन ओवैसी ने नौ दिसंबर को नवनिर्वाचित विधायकों को पद की शपथ दिलाई थी।

हालांकि, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक सदन से दूर रहे और आरोप लगाया कि नियमों का उल्लंघन कर औवेसी की नियुक्ति की गई है। कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव में 64 सीट जीतीं और उसकी सहयोगी भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) को एक सीट मिली। बीआरएस ने 39 सीट जीतीं, जबकि एआईएमआईएम सात सीट पर विजयी रही। भाजपा को आठ सीट मिलीं। (एजेंसी)

Navbharat Live
navbharatlive.com