

Abhijeet Dipke Video Viral News: दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दीपके दिल्ली पुलिस अधिकारियों से प्रदर्शन स्थल पर टेंट लगाने की अनुमति देने की अपील करते हुए हाथ जोड़ते और उनके पैर पकड़ने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं।
बताया जा रहा है कि जंतर-मंतर पर सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक सहित कुछ प्रदर्शनकारी अनशन पर बैठे हैं। प्रदर्शन स्थल पर लगातार हो रही बारिश के कारण प्रदर्शनकारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वायरल वीडियो में अभिजीत दीपके पुलिस अधिकारियों से बार-बार कहते सुनाई देते हैं, 'सर... सर... तिरपाल लगाने दीजिए, बारिश हो रही है।' इसी दौरान वह अधिकारियों के सामने हाथ जोड़ते हैं और उनके पैर पकड़ने की भी कोशिश करते हैं। वीडियो में पुलिस अधिकारी उन्हें ऐसा करने से रोकते हुए भी दिखाई देते हैं।
वीडियो साझा करते हुए अभिजीत दीपके ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि वह पुलिस अधिकारियों से केवल इतनी अनुमति मांग रहे हैं कि भूख हड़ताल पर बैठे लोगों को बारिश से बचाने के लिए टेंट लगाया जा सके। एक अन्य पोस्ट में उन्होंने दावा किया कि उनकी टीम पिछले तीन दिनों से टेंट लगाने की अनुमति का इंतजार कर रही है। उनके अनुसार, रातभर हुई बारिश के कारण अनशन पर बैठे लोगों का सामान भीग गया और उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
अभिजीत दीपके ने प्रदर्शन स्थल की कुछ तस्वीरें भी साझा कीं, जिनमें बारिश के बाद जलभराव जैसी स्थिति दिखाई दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने में देरी हो रही है और इसे लेकर अधिकारियों के रवैये पर सवाल उठाए।
फिलहाल, दिल्ली पुलिस की ओर से अभिजीत दीपके के आरोपों या वायरल वीडियो को लेकर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। इसलिए मामले से जुड़े दावों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।