

CM Vijay PM Modi Meeting In Delhi: दक्षिण भारतीय सिनेमा के दिग्गज सुपरस्टार और अब तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलपति विजय अपनी नई भूमिका में पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। मुख्यमंत्री की कुर्सी संभालने के बाद, विजय बुधवार को पहली बार देश की राजधानी दिल्ली पहुंचे, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस मुलाकात को तमिलनाडु की भविष्य की राजनीति और केंद्र-राज्य संबंधों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
बुधवार सुबह दिल्ली पहुंचे मुख्यमंत्री विजय सबसे पहले सेंट्रल दिल्ली स्थित 'तमिलनाडु हाउस' गए। प्रधानमंत्री मोदी के साथ उनकी यह शिड्यूल मीटिंग शाम 4 बजकर 30 मिनट पर 'सेवा तीर्थ' में हुई। सूत्रों के अनुसार, दोनों नेताओं के बीच यह बातचीत करीब 25 मिनट तक चली। हालांकि इस मीटिंग की पूरी आधिकारिक डिटेल अभी सार्वजनिक नहीं की गई है लेकिन मुख्यमंत्री कार्यालय के संकेतों के अनुसार, विजय ने प्रधानमंत्री के सामने तमिलनाडु की उन महत्वपूर्ण मांगों का पुलिंदा रखा है जो लंबे समय से केंद्र सरकार के पास लंबित पड़ी हैं।
थलपति विजय का राजनीति में प्रवेश और फिर मुख्यमंत्री पद तक का सफर किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं रहा है। करीब दो साल पहले उन्होंने अपनी पार्टी TVK के साथ राजनीति की दुनिया में कदम रखा था। हालिया चुनावों में उनकी पार्टी ने शानदार प्रदर्शन किया, जिसके बाद वे राज्य में दशकों बाद बनी पहली गठबंधन सरकार का नेतृत्व कर रहे हैं। उनकी इस जीत पर प्रधानमंत्री मोदी ने भी उन्हें सोशल मीडिया के जरिए बधाई देते हुए केंद्र की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया था।
पदभार संभालते ही विजय ने प्रशासनिक और नीतिगत स्तर पर कई कड़े फैसले लेना शुरू कर दिया है। हाल ही में उन्होंने तमिल फिल्म उद्योग को बड़ी राहत देते हुए 70 साल पुराना नियम बदल दिया। जिसके तहत अब सिनेमाघरों को दिन में 5 शोज चलाने की अनुमति मिल गई है। उनके इन फैसलों और जनता के प्रति उनके 'जेस्चर' की सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हो रही है।
दिल्ली दौरे के दौरान विजय का मुख्य उद्देश्य राज्य के विकास कार्यों के लिए केंद्र से वित्तीय और प्रशासनिक सहयोग प्राप्त करना है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि प्रधानमंत्री के साथ उनकी यह पहली मुलाकात तमिलनाडु के विकास की नई राह खोल सकती है। मुख्यमंत्री विजय इस दौरान अन्य कई वरिष्ठ राजनीतिक हस्तियों से भी मिल सकते हैं, जिससे दिल्ली के सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई है।