मणिपुर: इंफाल में RAF और दंगाई भीड़ के बीच झड़पें, एक गोदाम को किया आग के हवाले
- Written By: किर्तेश ढोबले
PTI Photo
इंफाल: इंफाल में एक पुराने गोदाम को आग के हवाले किये जाने के बाद शुक्रवार शाम एक दंगाई भीड़ की मणिपुर के त्वरित कार्रवाई बल (आरएएफ) के साथ फिर से झड़प हुई हैं। पुलिस को अंदेशा था कि भीड़ अन्य संपत्तियों को भी नुकसान पहुंचा सकती है इसलिए उसे तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे।
अधिकारियों ने बताया, ‘‘दंगा इंफाल पैलेस मैदान के पास हुआ।” दमकल कर्मियों और सुरक्षा बलों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर गोदाम में लगी आग पर काबू पाया और उसे आसपास के मकानों में फैलने से रोका। यह गोदाम आदिवासी समुदाय से ताल्लुक रखने वाले भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के एक सेवानिवृत्त अधिकारी का है।
अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले कल देर रात केन्द्रीय विदेश राज्य मंत्री आर. के. रंजन सिंह के इंफाल स्थित आवास में भीड़ ने तोड़फोड़ की थी और उसे आग के हवाले करने का प्रयास किया था। गौरतलब है कि इससे पहले बृहस्पतिवार दोपहर भीड़ ने यहां दो मकानों को आग लगा दिया था। साथ ही, मणिपुर के आरएएफ, और एक भीड़ के बीच इंफाल शहर के बीचोंबीच स्थित एक स्थान पर बृहस्पतिवार दोपहर झड़पें हुई थीं।
सम्बंधित ख़बरें
ट्रक ड्राइवरों से लिफ्ट लेकर ट्रेनिंग जाती थीं मीराबाई चानू, कॉमनवेल्थ गेम्स में रचा इतिहास, देखें VIDEO
मणिपुर में बनेगा भव्य सिद्धिविनायक मंदिर, महाराष्ट्र का पूर्वोत्तर को बड़ा तोहफा, एकनाथ शिंदे ने की घोषणा
मणिपुर में उग्रवाद विरोधी अभियान तेज: 24 घंटों में 10 गिरफ्तार, इंसास राइफल और 239 किलो गांजा जब्त
मणिपुर में सुलगी हिंसा की आग! भारत-म्यांमार सीमा पर नागा-कुकी समूहों में हिंसक झड़प, फूंक दिए 20 से ज्यादा घर
अधिकारियों ने बताया कि बृहस्पतिवार को शहर में घूम रही भीड़ की भी सुरक्षा बलों के साथ झड़प हुई। इस घटना पर आर के रंजन सिंह ने ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा, ‘‘मैं तीन मई (जिस दिन राज्य में जातीय हिंसा शुरु हुई) से ही शांति कायम करने और हिंसा रोकने का प्रयास कर रहा हूं। यह दो समुदायों के बीच हुई गलतफहमी का नतीजा है। सरकार ने शांति समिति गठित की है, प्रक्रिया जारी है।” (एजेंसी)
