OSM पोर्टल विवाद के बाद सरकार का बड़ा एक्शन, CBSE चेयरमैन और सचिव पर गिरी गाज

CBSE Chairman-Secretary Transferred: OSM पोर्टल विवाद के बाद सरकार ने बड़ा एक्शन लिया है। सरकार ने CBSE चेयरमैन और सचिव का तबादला कर दिया है।
cbse controversy
CBSE विवाद (Image- Social Media)
Published on
Updated on

CBSE Chairman-Secretary Transferred: देश की सबसे बड़ी स्कूली परीक्षा संस्था CBSE की कार्यप्रणाली, आंतरिक व्यवस्था और हाल में चल रहे OSM पोर्टल विवाद को लेकर सरकार ने बड़ा एक्शन लिया है। केंद्र सरकार के नए आदेश के मुताबिक, सीबीएसई के अध्यक्ष और सचिव का तबादला कर दिया गया है। बता दें कि परीक्षाओं के मैनेजमेंट, मूल्यांकन प्रक्रियाओं में आ रही तकनीकी और व्यावहारिक दिक्कतों की जवाबदेही तय करने के लिए इस फैसले को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

मालूम हो कि सीबीएसई चेयरमैन IAS राहुल सिंह बोर्ड की समग्र कार्य प्रणाली और परीक्षा सुधारों की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। वहीं, बोर्ड के सचिव हिमांशु गुप्ता, IAS, प्रशासन, वित्त और संबद्धता से जुड़े मामलों की देखरेख कर रहे थे।

मामले की विस्तृत जांच के आदेश

खबरों के मुताबिक, ये एक्शन CBSE की मूल्यांकन और डिजिटल सेवाओं से जुड़े मामलों पर उठ रहे सवालों के बाद की गई है। केंद्र सरकार ने पूरे मामले की विस्तृत जांच के भी आदेश दिए हैं, जिससे यह पता लगाया जा सके कि OSM सेवाओं की खरीद प्रक्रिया में किसी तरह की कोई अनियमितता या नियमों की अनदेखी तो नहीं हुई है।

टेंडर प्रक्रिया की भी होगी जांच

बता दें कि गठित जांच समिति प्रोक्योरमेंट प्रोसेस, टेंडर प्रक्रिया और संबंधित कंपनियों की भूमिका की भी विस्तार से समीक्षा करेगी। मामले में गठित की गई समिति यह भी जांच करेगी कि सेवाओं के चयन में सभी तय प्रक्रियाओं का पालन किया गया था या फिर नहीं।

CBSE में हुए इस बड़े प्रशासनिक बदलाव को बेहद अहम माना जा रहा है। शिक्षा क्षेत्र से जुड़े कई लोग इसको बोर्ड की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण मान रहे हैं।

री-इवैल्यूएशन पोर्टल शुरू

इस बीच, सीबीएसई द्वारा मंगलवार को छात्रों के लिए ऑनलाइन री-इवैल्यूएशन और उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन प्रतियों में समस्याओं के वैरिफिकेशन का पोर्टल शुरू कर दिया है। ये सुविधा केवल उन छात्रों के लिए ही उपलब्ध है, जिनको अपनी स्कैन की गई उत्तर पुस्तिकाएं मिल गई हैं। यह पोर्टल 2 जून 2026 से 6 जून 2026 तक चालू रहेगा। इसके बाद किसी भी तरह का ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट पर छात्रों को आधार नंबर के माध्यम से लॉगिन करके ऑनलाइन आवेदन करना होगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com