

NEET Paper Leak Case: देश के सबसे बड़े मेडिकल एंट्रेंस टेस्ट NEET-UG 2026 के पेपर लीक से देश भर में हड़कंप मचा हुआ है। इस मामले में CBI की जांच जारी है। देशभर में छापेमारी कर आरोपियों को अरेस्ट किया जा रहा है। इसी बीच CBI ने गुरुवार को दो और आरोपियों को अरेस्ट किया है। बता दें कि इससे पहले CBI ने 5 आरोपियों को राजस्थान, महाराष्ट्र और गुरुग्राम से गिरफ्तार किया था और अब तक कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
गुरुवार को CBI ने बताया कि पिछले 24 घंटों में NEET पेपर लीक मामले में देशभर में 14 जगहों पर छापा मारा गया और दो और आरोपियों को अरेस्ट किया गया है। बता दें कि पेपर लीक मामले में CBI ने 12 मई को केस दर्ज किया था। ये केस शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग की तरफ से मिली शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया था।
पिछले 24 घंटों में देशभर में की जा रही छापेमारी के दौरान CBI ने दो और आरोपियों को अरेस्ट कर लिया है। दोनों आरोपियों को महाराष्ट्र से दबोचा गया है। बता दें कि CBI ने अब जिन दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें अहिल्यानगर से धनंजय लोखंडा और पुणे से मनीषा वाघमारे नाम की आरोपी है। CBI ने कहा कि कई और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।
CBI द्वारा गिरफ्तार किए गए 5 आरोपियों को गुरुवार को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने पांचों आरोपियों को सात दिन की सीबीआई कस्टडी में भेज दिया है।
गौरतलब है कि 3 मई को NEET-UG का एग्जाम हुआ था। इस परीक्षा में 23 लाख से अधिक छात्र शामिल हुए थे। परीक्षा के बाद पेपर लीक का मामला सामने आने के बाद 12 मई को नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने एग्जाम कैंसिल कर दिया था।