अनिल अंबानी के रिलायंस ग्रुप के मुंबई समेत 7 ठिकानों पर CBI की छापेमारी! 27,337 करोड़ के घोटाले का है मामला

CBI Raid Reliance ADA Group: CBI ने रिलायंस कम्युनिकेशंस के खिलाफ वित्तीय अनियमितताओं के मामले में मुंबई, गुरुग्राम और बेंगलुरु में छापेमारी की। यह कार्रवाई 27,337 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी से जुड़ी है।
Anil Ambani Case News
अनिल अंबानी (डिजाइन फोटो)
Published on: 
Updated on: 

Reliance Communications Scam: केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने अनिल अंबानी के नेतृत्व वाले रिलायंस एडीए ग्रुप से जुड़े एक मामले में मुंबई, गुरुग्राम और बेंगलुरु में कुल 7 जगहों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई रिलायंस कम्युनिकेशन के खिलाफ दर्ज एक मामले के सिलसिले में की गई है।

मिली जानकारी के मुताबिक, CBI ने गुरुवार को यह तलाशी मुंबई की एक विशेष अदालत द्वारा जारी तलाशी वारंट के आधार पर की। यह छापेमारी कंपनी में वर्ष 2015 से 2017 के बीच कार्य करने वाले पूर्व वरिष्ठ अधिकारियों के आवासों पर की गई। इनमें तत्कालीन मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO), मुख्य वित्तीय अधिकारी (CFO) और निदेशक स्तर के अधिकारी शामिल बताए जा रहे हैं। तलाशी के दौरान कई अहम दस्तावेज जब्त किए गए हैं।

क्या है मामला?

मिली जानकारी के अनुसार, यह मामला विभिन्न सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) द्वारा दर्ज शिकायतों से जुड़ा है। इन शिकायतों के आधार पर CBI ने पिछले कुछ महीनों में रिलायंस एडीए समूह के खिलाफ कुल 7 अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। इन मामलों में हजारों करोड़ रुपए की वित्तीय अनियमितताओं और कथित घोटालों का आरोप लगाया गया है, जिनमें अनुमानित नुकसान लगभग 27,337 करोड़ रुपए बताया जा रहा है।

पिछले महीने 31 जगहों पर थी छापेमारी

जांच एजेंसी इससे पहले भी इस मामले से जुड़े कई स्थानों पर तलाशी अभियान चला चुकी है। पिछले महीनों में सीबीआई ने लगभग 31 जगहों पर छापेमारी की थी और कई दस्तावेज व डिजिटल साक्ष्य एकत्र किए थे। इसके अलावा, इसी मामले में दो वरिष्ठ अधिकारियों को 20 अप्रैल को गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तार किए गए अधिकारियों में डी. विश्वनाथ और अनिल काल्या शामिल हैं, जो बैंकिंग और वित्तीय लेन-देन से जुड़े कार्यों को संभालते थे। दोनों आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं।

यह भी बताया गया है कि अनिल अंबानी के नेतृत्व वाले रिलायंस समूह से जुड़े इन मामलों की निगरानी सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के तहत की जा रही है। जांच एजेंसियां पूरे मामले में धन के लेन-देन, बैंकिंग प्रक्रियाओं और कंपनी के वित्तीय निर्णयों की गहन जांच कर रही हैं।

पिछले शनिवार को भी सीबीआई ने मुंबई में 17 ठिकानों पर छापेमारी की थी। यह कार्रवाई रिलायंस टेलीकॉम, रिलायंस कमर्शियल फाइनेंस, रिलायंस होम फाइनेंस और उनके निदेशकों के खिलाफ दर्ज तीन मामलों के संबंध में की गई थी।

(IANS एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com