KCR ने किया पार्टी से बाहर…तो K कविता ने छोड़ी MLC की कुर्सी, सड़क पर आई BRS की अंदरूनी लड़ाई
BRS Internal Conflict: मंगलवार को तेलंगाना के पूर्व सीएम और BRS मुखिया KCR ने बेटी के कविता को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया। जिसके बाद बुधवार को कविता ने MLC पद से इस्तीफा दे दिया है।
- Written By: अभिषेक सिंह
के कविता (सोर्स- सोशल मीडिया)
K. Kavitha Resignation: बीआरएस प्रमुख के. चंद्रशेखर राव की बेटी के. कविता ने विधान परिषद सदस्य पद से इस्तीफा दे दिया है। बुधवार को उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष को अपना इस्तीफा सौंप दिया। इससे एक दिन पहले, उनके पिता के. चंद्रशेखर राव ने उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया था। कविता ने अपने चचेरे भाई टी. हरीश राव समेत वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ तीखी टिप्पणी की थी।
इससे पहले सोमवार को कविता ने अपने चचेरे भाई पूर्व सिंचाई मंत्री टी. हरीश राव और सांसद जे. संतोष राव के खिलाफ तीखी टिप्पणी की थी। उनके इस बयान के बाद पार्टी में हड़कंप मच गया। परिणामस्वरूप मंगलवार को उनके निलंबन का आदेश आ गया।
कविता ने लगाए थे गंभीर आरोप
के कविता ने आरोप लगाया था कि उनकी ही पार्टी के कुछ लोग केसीआर की छवि खराब करने पर तुले हुए हैं। उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेता टी. हरीश राव और पूर्व सांसद मेघा कृष्ण रेड्डी पर अपने पिता पर ‘भ्रष्टाचार का ठप्पा’ लगाने का आरोप लगाया। कविता ने यह भी आरोप लगाया कि हरीश राव और संतोष कुमार उन्हें दरकिनार करने की साजिश रच रहे हैं।
सम्बंधित ख़बरें
Gen Z को राजनीति में मिले मौका… रेवंत रेड्डी ने की युवाओं की पैरवी, बोले- 25 नहीं 21 साल में लड़ें चुनाव
तेलंगाना में दूधाभिषेक पर लगी रोक, तेलंगाना कांग्रेस ने दिया निर्देश; JCB से माला पहनाने पर भी पाबंदी
नितिन गडकरी से मिले रेवंत रेड्डी, रीजनल रिंग रोड और हाईवे प्रोजेक्ट्स को जल्द मंजूरी देने की मांग, कही ये बात
ईमानदारी की ऐसी मिसाल नहीं देखी होगी! दोस्त से उधार लिए थे 1000 रुपए, 35 साल बाद सूद समेत लौटाने पहुंचा शख्स
22 अगस्त को भी हुआ था एक्शन
22 अगस्त को, जब कविता विदेश में थीं तो उन्हें अचानक तेलंगाना बोग्गू गनी कार्मिक संघम (TBGKS) के मानद अध्यक्ष पद से हटा दिया गया। उन्होंने पार्टी के अंदरूनी सूत्रों पर उनके खिलाफ साजिश रचने का आरोप लगाया और कहा कि उन्हें राजनीति से प्रेरित होकर हटाया गया।
लीक हो गया था कविता का लेटर
इसके अलावा के कविता का एक लेटर भी लीक हो गया था। जो कि उन्होंने अपने पिता केसीआर को लिखा था। इस लेटर में उन्होंने लिखा था कि जैसे ही आपने (केसीआर) सिर्फ दो मिनट बात की, तो लोगों ने यह अनुमान लगाना शुरू कर दिया कि भविष्य में भाजपा के साथ गठबंधन होगा। मुझे व्यक्तिगत रूप से भी लगता है कि आपको भाजपा के खिलाफ कड़ा रुख अपनाना चाहिए था।
लेटर लीक होना सियासी साजिश
कविता ने आगे लिखा कि शायद ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि मैं भाजपा की वजह से आहत हुई थी। ऐसे में आपको भाजपा पर ज्यादा निशाना साधना चाहिए था। बताया जा रहा है कि यह पत्र कविता ने बीआरएस की रजत जयंती के बाद लिखा था। उन्होंने लीक हुए पत्र को अपने खिलाफ दुश्मनी की शुरुआत बताया था।
यह भी पढ़ें: लेटर बम फूटते ही KCR बेदम! बेटी के कविता को किया पार्टी से बाहर, BJP ने कर दिया खेला?
अपने आखिरी बयान में, कविता ने हरीश राव पर पार्टी के खिलाफ काम करने का आरोप लगाया था और दावा किया था कि उनके तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी से संबंध हैं। उन्होंने हरीश राव पर भाजपा नेता इटेला राजेंद्र की मदद करने का भी आरोप लगाया था।
