गलत वर्तनी का बैनर लेकर विरोध करने पहुंचा विपक्ष, फोटो: सोशल मीडिया
भाजपा को गुरुवार को विपक्षी दलों पर निशाना साधने का एक मौका मिल गया। ये वाकया तब हुआ जब विपक्ष संसद भवन में बिहार मुद्दे पर विरोध करने के लिए इकट्ठा हुआ था। विपक्ष के नेताओं ने एक बैनर को हाथों में लेकर विरोध जताना शुरू किया। सभी नेता संसद के मकर द्वार पर बनी सीढ़ियों पर खड़े होकर ‘लोकतंत्र बचाओ’ और ‘वोटबंदी बंद करो’ के नारे लगा रहे थे। उस बैनर में लोकतंत्र की वर्तनी गलत लिखी हुई थी। इसी बात पर सत्तापक्ष ने विपक्ष को घेर लिया।
भाजपा ने कहा कि जिन्हें लोकतंत्र लिखना नहीं आता, वे लोग लोकतंत्र का पाठ पढ़ाने निकल पड़े हैं। ‘लोकतंत्र’ की वर्तनी पर विपक्षी दलों की खिल्ली उड़ाते हुए भाजपा आईटी विभाग के प्रमुख अमित मालवीय ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, ‘यह लोकतंत्र है।’ राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने भी कांग्रेस पर निशाना साधा।
बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने भी मामले पर अपनी बात रखी। कांग्रेस पर तंज कसते हुए पूनावाला ने कहा कि वो परिवार तंत्र और आपातकाल को लिख और बचा सकते हैं, जिसमें वो विश्वास करते हैं, ना कि लोकतंत्र। पूनावाला ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘कांग्रेस को दोष नहीं दिया जा सकता। वो ना तो लोकतंत्र लिख सकते हैं और ना ही बचा सकते हैं। वो परिवारतंत्र और आपातकाल में विश्वास रखते हैं और निश्चित रूप से वो उसे लिख और बचा सकते हैं।’
Can’t blame Congress
They can neither spell nor save Loktantra
They believe in Parivar Tantra and Emergency! Surely they can spell and save that pic.twitter.com/lNWdLcjSPA
— Shehzad Jai Hind (Modi Ka Parivar) (@Shehzad_Ind) July 24, 2025
यह भी पढ़ें: ‘अधिकारी बख्शे नहीं जाएंगे…वोट चोरी के सबूत है’, चुनाव आयोग को राहुल की धमकी
आपको बता दें कि बिहार में इस समय मतदाता के विशेष गहन पुनरीक्षण का मुद्दा गरमाया हुआ है। इंडिया गठबंधन संसद के दोनों सदनों में इसके खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन कर रहा है। बिहार में हाल ही में तेजस्वी यादव और उनकी पार्टी के नेताओं ने भी विरोध जताया था। दोनों सदनों में भी ये मुद्दा उठाया जा रहा है। इसी मुद्दे पर आज विपक्ष एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन कर रहा था। सभी ने नारे लगाकर ओर बैनर दिखाकर सरकार का विरोध करने की कोशिश की। वहीं दूसरी ओर लोकतंत्र के गलत तरीके से लिखे जाने पर सत्तापक्ष के लोगों की ओर से इसपर तंज भी कस दिया गया।