बिलासपुर में दो गुटों के बीच झड़प के बाद तनाव, पत्थरबाजी में 5 घायल; 300 पुलिसकर्मी तैनात

Bilaspur Clash : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में पुरानी रंजिश को लेकर दो गुटों में झड़प और पत्थरबाजी हुई। दो पुलिसकर्मियों समेत पांच लोग घायल हुए। इलाके में धारा 163 लागू कर पुलिस बल तैनात किया गया।
A clash between two groups in Bilaspur left five people injured.
बिलासपुर में दो गुटों में पत्थरबाजी हुई (फोटो - ANI)
Published on
Updated on

Bilaspur Stone Pelting : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर में शुक्रवार रात दो गुटों के बीच हुई झड़प के बाद इलाके में तनाव फैल गया। घटना नगर कोतवाली थाना क्षेत्र के खपरगंज इलाके की है। अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि दो लोगों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान एक व्यक्ति ने कथित तौर पर दूसरे पर पत्थर से हमला कर दिया।

इसके बाद घायल व्यक्ति ने अपने साथियों को बुला लिया और देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच पत्थरबाजी शुरू हो गई। घटना में दोनों पक्षों के करीब तीन लोग घायल हुए, जबकि दो पुलिसकर्मियों को भी चोटें आई हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

पत्थरबाजी में दो पुलिसकर्मियों समेत पांच लोग

बिलासपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने बताया कि पुलिस के पहुंचने के समय दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर पत्थर फेंक रहे थे। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।

अधिकारियों ने कहा है कि मामले की जांच की जा रही है और जो लोग दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है और लगातार गश्त की जा रही है। प्रशासन ने किसी भी तरह के तनाव को बढ़ने से रोकने के लिए लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

इलाके में धारा 163 लागू, भारी पुलिस बल तैनात

घटना के बाद बिलासपुर के नगर कोतवाली थाना क्षेत्र में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू कर दी गई है। इसके तहत बिना अनुमति लोगों के एकत्र होने और सार्वजनिक व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर रोक रहती है। अधिकारियों ने बताया कि इलाके में करीब 300 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं, जबकि एहतियातन 200 से 250 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को भी बुलाया गया है।

जिलाधिकारी संजय अग्रवाल ने बताया कि यह कार्रवाई कानून-व्यवस्था और सार्वजनिक सुरक्षा बनाए रखने के लिए की गई है। सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर भी जानकारी सामने आई है, लेकिन प्रशासन ने अभी किसी पोस्ट की पुष्टि नहीं की है। फिलहाल इलाके में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

A clash between two groups in Bilaspur left five people injured.
विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस का मेगा प्लान! उत्तराखंड-गोवा में प्रियंका गांधी होंगी पार्टी का चेहरा
Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com