

Bihar Assembly Elections: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बिहार के बेगूसराय में एक चुनावी सभा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर फिर से विवादित बयान दिया है। उन्होंने अपना पुराना बयान दोहराते हुए कहा, "मोदी जी चुनावों के समय आपको नाचकर भी दिखाएंगे।" इसके अलावा, राहुल गांधी ने पीएम मोदी की 56 इंच की छाती को लेकर भी तंज कसा। उन्होंने कहा, "अंग्रेजों के समय में भारतीयों की इतनी बड़ी छाती नहीं थी, फिर भी हमने उनसे लड़ाई की और जीत हासिल की, लेकिन कुछ लोगों की 56 इंच की छाती है और वे अमेरिका के आगे झुक जाते हैं।"
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने आगे कहा, "बिहार में हमारा महागठबंधन सत्ता में आएगा और हम आपको बेहतरीन शिक्षा प्रदान करेंगे। मैं आपको व्यक्तिगत रूप से गारंटी देता हूं कि जिस दिन केंद्र में INDIA गठबंधन सत्ता में आएगा, हम नालंदा विश्वविद्यालय जैसा एक उच्च स्तरीय विश्वविद्यालय खोलेंगे। हम ऐसा विश्वविद्यालय बनाएंगे जहां दुनिया भर से छात्र आएंगे और दाखिला लेंगे।"
बेगूसराय में एक बड़ी जनसभा के दौरान राहुल गांधी ने बिहार की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, "बिहार की सरकार बेकार है। यह सरकार नहीं चाहती कि बिहार के लोग आगे बढ़ें, बल्कि उन्हें मजदूरी करने पर मजबूर करती है।" उन्होंने कहा कि बिहार के लोग देश के विकास में सबसे बड़ी भूमिका निभाते हैं और जब बिहार के लोग दुबई और मुंबई जैसे शहर बना सकते हैं, तो अपने राज्य में क्यों नहीं? उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार नहीं चाहती कि बिहार में रोजगार और उद्योग आए। राहुल गांधी ने यह भी कहा कि बिहारियों की असली पहचान मजदूर नहीं, बल्कि निर्माता की है, लेकिन एनडीए की नीतियों ने उनकी मेहनत को कमजोर कर दिया है।
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को निशाने पर लेते हुए कहा, "देश की अर्थव्यवस्था और नीतियां अब अडानी और अंबानी के इशारे पर चल रही हैं।" उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में आम लोगों को जमीन नहीं मिलती, लेकिन अडानी को एक रुपये में जमीन दे दी जाती है। राहुल ने कहा, "मोदी और शाह का पूरा कंट्रोल अब सिर्फ पूंजीपतियों के पास है। भाजपा सरकार सिर्फ अमीरों की सरकार बनकर रह गई है, जबकि गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार संघर्ष कर रहे हैं।"
राहुल गांधी ने बिहार के युवाओं से जुड़ी सबसे बड़ी समस्या पेपर लीक घोटालों पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा, "भ्रष्टाचार ने मेहनती छात्रों के सपनों को तोड़ दिया है। बीजेपी नेताओं के रिश्तेदारों को पहले से पेपर मिल जाते हैं और गरीब बच्चों का भविष्य दांव पर लग जाता है। मेहनत करने वाले छात्र ठगे जा रहे हैं।"
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कटाक्ष करते हुए कहा, "मोदी जी सिर्फ चुनावों के वक्त दिखाई देते हैं, फिर गायब हो जाते हैं। चुनाव के लिए वे नाच भी सकते हैं, लेकिन चुनाव के बाद अडानी और अंबानी उन्हें नचाते हैं।"