कार को लगाई आग...घर का गेट भी फूंका, राजा भैया की पत्नी से कौन निकाल रहा दुश्मनी? सामने आए डरावने VIDEO

Raja Bhaiya vs Bhanvi Singh: कुंडा के बाहुबली विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ ​​राजा भैया और उनकी पत्नी भानवी सिंह के बीच विवाद चल रहा है। इस बीच दिल्ली में उनकी पत्नी के घर पर हमले की घटना सामने आई है
attack on raja bhaiya wife property vehicle torched gate burned shocking visuals
भानवी सिंह के घर के गेट और कार को लगाई आग (सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

Bhanvi Singh: कुंडा के बाहुबली विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ ​​राजा भैया और उनकी पत्नी भानवी सिंह के बीच विवाद चल रहा है। इसी बीच दिल्ली में उनकी पत्नी के घर पर हमले की घटना सामने आई है। उनकी बेटी राघवी सिंह ने इस घटना से जुड़े वीडियो और तस्वीरें शेयर की हैं।

सफदरजंग पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई है, लेकिन राघवी सिंह ने सवाल उठाया है कि मामले की गंभीरता के बावजूद पुलिस ने अभी तक FIR क्यों दर्ज नहीं की है। अपनी पोस्ट में राघवी ने इस घटना को उन्हें डराने की कोशिश बताया और आगे ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस से तुरंत कार्रवाई की मांग की।

बेटी राघवी ने पोस्ट किए वीडियो

राघवी सिंह ने 'एक्स' पर लिखा, "पिछले कई महीनों से, मैं लगातार सोशल मीडिया पर लिख रही हूं कि मेरी मां, बहन और मैं खतरे में हैं। हमने हमेशा कानूनी तरीकों से सुरक्षा और न्याय मांगा है। हमने पुलिस से भी मदद मांगी है और शिकायतें दर्ज कराई हैं। कभी हमें मिले-जुले जवाब मिले और कभी सिर्फ आश्वासन। हाल ही में हमने FIR दर्ज कराने के लिए सफदरजंग पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।"

राघवी ने कहा कि राउज एवेन्यू MP-MLA कोर्ट में मेरी मां की सुनवाई से एक रात पहले, ग्रीन पार्क में हमारे घर के बाहर हमारी कार और मुख्य गेट में आग लगा दी गई। CCTV फुटेज में एक अनजान व्यक्ति हमारे गेट के बाहर हथियार जैसी कोई चीज़ पकड़े हुए गेट पार करने की कोशिश करते हुए और आखिर में हमारी स्विफ्ट कार और गेट में आग लगाते हुए दिख रहा है।

उन्होंने आगे लिखा कि हम इस घर में तीन अकेली महिलाएं रहती हैं। ऐसे हमलों को नज़रअंदाज़ नहीं किया जा सकता। यह डर, यह आतंक, सालों से चल रहा है, और हमारी एकमात्र उम्मीद है कि हमें न्याय मिलेगा और जीने के लिए बुनियादी सुरक्षा मिलेगी। मैं संबंधित अधिकारियों से तुरंत ध्यान देने की अपील करती हूं। हमारी सुरक्षा बातचीत का मामला नहीं है; यह हमारा अधिकार है।

लंबे समय से चल रहा मामला

UP के ताकतवर विधायक राजा भैया और उनकी पत्नी भानवी सिंह के बीच तलाक का मामला दिल्ली की साकेत कोर्ट में चल रहा है। भानवी सिंह ने 3 जून 2024 को प्रधानमंत्री कार्यालय को एक पत्र लिखा था। जिसमें उन्होंने राजा भैया पर प्रतिबंधित हथियार रखने का आरोप लगाया था।

पिछले साल भानवी सिंह ने दिल्ली के सफदरजंग पुलिस स्टेशन में भी FIR दर्ज कराई थी। उन्होंने राजा भैया पर एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर और शारीरिक हमले का भी आरोप लगाया है। दोनों के बीच पिछले 10 सालों से विवाद चल रहा है। राजा भैया की बेटियां अपनी मां भानवी सिंह के साथ दिल्ली के ग्रीन पार्क स्थित अपने घर में रहती हैं, जबकि उनके दो बेटे अपने पिता के साथ कुंडा में रहते हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com