

AP DSC Teacher Recruitment Update: आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू सोमवार को काकीनाडा जिले के चामावरम गांव में 'एनटीआर भरोसा पेंशन वितरण' कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने विपक्षी YSRCP पर राज्य में अशांति फैलाने और सुशासन को पटरी से उतारने के लिए साजिश रचने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास को देखकर YSRCP हताश हो रही है और पार्टी नफरत भड़काने की कोशिश कर रही है।
हाल की कुछ घटनाओं का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री नायडू ने कहा कि जहां गठबंधन सरकार राज्य के उत्थान के लिए दिन-रात काम कर रही है, वहीं पूर्ववर्ती शासक विनाश को जारी रखे हुए हैं। यह सुशासन को पटरी से उतारने के लिए साजिशें और षड्यंत्र रच रहा है। इसीलिए हम मौजूदा विपक्ष को 'कुल्हाड़ी पार्टी' कहते हैं।
मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि पदभार संभालने के बाद जिस पहली फाइल पर उन्होंने हस्ताक्षर किए, वह 'मेगा DSC' की थी। उन्होंने बताया कि गठबंधन सरकार ने लगभग 240 अदालती मामलों का सामना करने के बावजूद, एक पारदर्शी प्रक्रिया के जरिए 15,940 शिक्षकों की भर्ती करके अपना वादा पूरा किया है।
सीएम चंद्रबाबू नायडू ने NTR भरोसा पेंशन वितरण कार्यक्रम में को संबोधित करते हुए कहा कि यह भर्ती एक सुरक्षित, कंप्यूटर-आधारित परीक्षा प्रणाली के जरिए व्यवस्थित ढंग से की गई थी। उन्होंने YSR कांग्रेस पार्टी पर राजनीतिक फायदे के लिए इस प्रक्रिया के बारे में गलत जानकारी फैलाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने आरोप लगाया कि आंध्र प्रदेश पिछली सरकार ने 'रोजगार कैलेंडर' की घोषणा तो की, लेकिन बाद में अपने वादे से मुकर गई। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा सरकार के सत्ता में वापस आने के बाद ही 'रोजगार कैलेंडर' जारी किया गया है।
विपक्ष पर अपने ही कार्यकर्ता की हत्या और सरकार पर आरोप लगाए जाने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष के प्रतिनिधि के रूप में शोक व्यक्त करने के लिए दौरे पर निकले इन लोगों ने अपने ही पार्टी कार्यकर्ता सिंगय्या को कार से कुचलकर मार डाला और फिर उसका शव झाड़ियों में फेंककर फरार हो गए। उन्होंने कडप्पा से एक पुजारी को भेजकर एक फर्जी हत्या का नाटक रचवाया, जिसका आरोप हम पर लगाने की कोशिश की।
जब पुजारी प्रवीण की मोटरसाइकिल दुर्घटना में मृत्यु हो गई, तो उस घटना का दोष भी हम पर मढ़ने का प्रयास किया गया। सीसीटीवी फुटेज की मदद से हम इस साजिश का पर्दाफाश करने में सफल रहे।
प्रदेश में हिंदू मंदिरों में हमले को लेकर मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने कहा, मैं चेतावनी देता हूं कि दुर्भावनापूर्ण साजिशों के माध्यम से हिंदू मंदिरों पर हमला करना और उन्हें अपवित्र करना अस्वीकार्य है।
मुख्य विपक्षी दल YSRCP के सदस्यों पर कडप्पा में संपत्ति विवाद को लेकर पेद्दा दस्तगिरी की हत्या आरोप लगाया और बताया कि इसका दोष टीडीपी पर मढ़ने की कोशिश की गई।