ट्रैवल इन्फ्लुएंसर अनुनय सूद का निधन, 32 साल की उम्र में ली आखिरी सांस; क्यों थम गई जीवन यात्रा?

Anunay Sood: दुबई में रहने वाले अनुनय सूद सिर्फ एक ट्रैवलर नहीं थे, बल्कि वह लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा थे। उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर 14 लाख (1.4 मिलियन) से अधिक फॉलोअर्स थे।
Anunay Sood
अनुनय सूद, (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Anunay Sood Passes Away: दुबई में बसे जाने-माने ट्रैवल इन्फ्लुएंसर और फोटोग्राफर अनुनय सूद का महज 32 साल की उम्र में निधन हो गया है। सोशल मीडिया पर उनकी मौत की खबर से हर कोई हैरान है। अनुनय सूद ट्रैवल की दुनिया के एक सुपरस्टार थे। परिवार ने उनके आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट जारी करते हुए उनके निधन की पुष्टि की।

बताया जा रहा है कि अपने निधन के समय अनुनय सूद अमेरिका के लास वेगास में थे। उनकी आखिरी इंस्टाग्राम पोस्ट भी वहीं से आई थी, जो अब उनके प्रशंसकों के लिए यादों का आखिरी निशान बन गई है।

3 नवंबर को अपलोड किए थे आखिरी वीडियो

इस पोस्ट में अनुनय सूद लास वेगास की सड़कों पर स्पोर्ट्स कारों के बीच नजर आ रहे थे, जहां वह 'कल्पनाओं वाली दुनिया जी रहे थे'। उन्होंने इस आखिरी पोस्ट में लिखा था कि "यकीन नहीं होता कि मैंने यह वीकेंड अपने सपनों की मशीनों और लीजेंड्स के बीच बिताया। यह पोस्ट उनके निधन से कुछ ही दिन पहले की थी। इसके अलावा, उन्होंने 3 नवंबर को अपना आखिरी वीडियो यूट्यूब पर अपलोड किया था।

मौत का कारण नहीं आया सामने

हालांकि, अनुनय सूद के परिवार ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट जारी कर उनके निधन की दुखद खबर की पुष्टि की, लेकिन मौत का कारण अभी तक स्पष्ट या सामने नहीं आया है। 32 साल की छोटी उम्र में उनका दुनिया से जाना लाखों फॉलोअर्स के लिए एक बड़ा सदमा है।

ट्रैवल कंटेंट की दुनिया में बड़ा कद

दुबई में रहने वाले अनुनय सूद सिर्फ एक ट्रैवलर नहीं थे, बल्कि वह लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा थे। उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर 14 लाख (1.4 मिलियन) से अधिक फॉलोअर्स थे, जबकि यूट्यूब पर उनके पास लगभग 4 लाख (3.8 लाख) सब्सक्राइबर्स थे। उनकी फोटोग्राफी, व्लॉग्स और रील्स ने सोशल मीडिया पर ट्रैवल कंटेंट को एक नई पहचान दी थी। अनुनय ने अपनी यात्राओं को कैमरे में कैद करके साझा किया, जिसमें स्विट्जरलैंड के पहाड़ों से लेकर आइसलैंड की झीलों और टोक्यो की गलियों तक की कहानियां शामिल थीं।

फोर्ब्स इंडिया के डिजिटल स्टार्स में तीन बार शामिल

अनुनय सूद की लोकप्रियता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि वह लगातार तीन साल 2022, 2023 और 2024 तक फोर्ब्स इंडिया की टॉप 100 डिजिटल स्टार्स लिस्ट में शामिल रहे। फोर्ब्स ने उन्हें विशेष रूप से "दुबई बेस्ड फोटोग्राफर जो दुनिया को अपने कैमरे से देखता है" कहकर सम्मानित किया था। अनुनय एक सफल मार्केटिंग फर्म भी चलाते थे, जिसके जरिए उन्होंने सोशल मीडिया की रचनात्मक दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई।

परिवार की प्राइवेसी की अपील

अनुनय सूद के परिवार ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट के माध्यम से एक शोक संदेश साझा किया। परिवार ने कहा कि उन्हें अपने प्रिय अनुनय सूद के निधन की खबर साझा करते हुए "गहरा दुख हो रहा है"। परिवार ने इस मुश्किल वक्त में लोगों से प्राइवेसी बनाए रखने और उनकी समझ का अनुरोध किया है। उन्होंने यह भी अपील की कि लोग निजी संपत्ति के पास भीड़ न लगाएं।

इस दुखद खबर के बाद सोशल मीडिया पर शोक की लहर दौड़ गई। उनके फॉलोअर्स ने कमेंट सेक्शन में उन्हें श्रद्धांजलि दी। कई प्रशंसकों ने लिखा कि अनुनय ने उन्हें जिंदगी को खुलकर जीने और दुनिया देखने की प्रेरणा दी थी।

एक अधूरा रह गया सपना

अनुनय सूद का करियर उस समय समाप्त हुआ जब वह नई ऊंचाइयों को छू रहे थे। उन्होंने एक बार कहा था कि 'अगर मेरे कैमरे से कोई एक इंसान भी दुनिया देखने की प्रेरणा पाए, तो मेरा काम सफल है'। शायद यही वजह है कि उनकी खींची हुई तस्वीरें अब सिर्फ फ्रेम नहीं हैं, बल्कि एक अधूरी यात्रा की गवाही बन चुकी हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com