Bihar Politics: इन अवसरवादी हुक्मरानों को...नीतीश का नाम लिए बगैर खरगे ने बोला हमला, जनता से की अपील

Bihar Chunav 1st Phase Voting: बिहार चुनाव के पहले चरण की वोटिंग के बीच कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने मतदाताओं से बदलाव के लिए वोट करने की अपील की।
Mogambo khush hua Donald Trump commented on Narendra modi prompting Congress leader Mallikarjuna Kharge
मल्लिकार्जुन खरगे
Published on: 
Updated on: 

Mallikarjun Kharge on Bihar Elections: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में मतदान शुरू होने के बाद बृहस्पतिवार को राज्य के मतदाताओं से बड़ी संख्या में वोट डालने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह जनता के लिए उन अवसरवादी हुक्मरानों को सबक सिखाने का सुनहरा मौका है, जिन्होंने बिहार की जनता के साथ विश्वासघात किया है। बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में कुल 3.75 करोड़ मतदाता 1,314 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। इस चरण में विपक्षी महागठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री पद के दावेदार तेजस्वी यादव, जबकि सत्तारूढ़ पक्ष से उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा समेत 16 मंत्रियों की साख दांव पर है।

खरगे ने कही ये बड़ी बात

खरगे ने ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, “लोकतंत्र की जन्मस्थली बिहार में विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान शुरू हो चुका है। मैं बिहार के सभी मतदाताओं से अपील करता हूं कि अधिक से अधिक संख्या में मतदान करें और 20 साल बाद राज्य में बदलाव की नई दिशा तय करें।” उन्होंने आगे कहा कि अब वक्त है “ऐसे बिहार के निर्माण का जहां युवाओं का भविष्य सुरक्षित हो, और उन्हें बेरोजगारी व पलायन का दर्द न झेलना पड़े।”

कांग्रेस अध्यक्ष ने समाज के हर वर्ग का जिक्र करते हुए कहा, “दलित, महादलित, आदिवासी, पिछड़ा, अति-पिछड़ा, आर्थिक रूप से कमजोर और अल्पसंख्यक, सभी को समान अधिकार मिले और सामाजिक न्याय की नई परिभाषा गढ़ी जाए, जिससे देश की तरक्की में बिहार की भूमिका और मजबूत हो।”

खरगे ने जोर देकर कहा कि पिछले 20 वर्षों में “भ्रष्टाचार, कुशासन और जंगलराज को विकास की ब्रांडिंग कर जनता से धोखा किया गया है।” अब बिहार की जागरूक जनता के पास इन्हें सबक सिखाने का अवसर है। उन्होंने खासतौर पर पहली बार वोट डालने वाले युवाओं से अपील की कि वे इस मौके को हाथ से न जाने दें और बदलाव के लिए अपने मताधिकार का जरूर इस्तेमाल करें। उन्होंने कहा, “वोट जरूर करें और अपने मित्रों व परिवारजनों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें।”

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com