1 जुलाई से प्रभाव में आएंगे 3 नए आपराधिक कानून, देश के सभी पुलिस थानों पर होंगे खास आयोजन
देश के समस्त 17,500 पुलिस थाने एक जुलाई को एक विशेष आयोजन करेंगे, जिसमें महिलाओं, छात्रों, युवाओं, वरिष्ठ नागरिकों और प्रतिष्ठित हस्तियों को उस दिन प्रभाव में आने वाले तीन नये अपराध कानूनों की प्रमुख विशेषताओं से अवगत कराया जाएगा।
- Written By: अंजू वशिष्ठ
कॉन्सेप्ट फोटो (सौजन्य- सोशल मीडिया)
नई दिल्ली: मोदी सरकार के द्वारा पिछली सरकार के द्वारा बनाए गए 3 नये कानूनों को 1 जुलाई 2024 से पूरे देश में लागू किया जाना है। इसके चलते देश में भारतीय न्याय संहिता 2023, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 और भारतीय साक्ष्य अधिनियम 2023 लागू हो जाएगा। इसके बारे में व्यापक जागरूकता फैलाने व लोगों को जानकारी देने के लिए देशभर के पुलिस थानों में खास तरह के आयोजन किए जा रहे हैं। साथ ही साथ विश्वविद्यालय अनुदान आयोग सहित अन्य शैक्षणिक एजेंसियों व संस्थानों से इस दिन प्रचार प्रसार के कार्यक्रम आयोजित करने के लिए कहे गए हैं।
जानकारी के अनुसार, देश के समस्त 17,500 पुलिस थाने एक जुलाई को एक विशेष आयोजन करेंगे, जिसमें महिलाओं, छात्रों, युवाओं, वरिष्ठ नागरिकों और प्रतिष्ठित हस्तियों को उस दिन प्रभाव में आने वाले तीन नये अपराध कानूनों की प्रमुख विशेषताओं से अवगत कराया जाएगा।
आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी देते हुए कहा कि इन नये कानूनों में भारतीय न्याय संहिता 2023, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 और भारतीय साक्ष्य अधिनियम 2023 हैं, जो एक जुलाई से प्रभाव में आएंगे। ये तीनों नए कानून ब्रिटिश कालीन कानूनों क्रमश: भारतीय दंड संहिता (आईपीसी), दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम की जगह लेंगे।
सम्बंधित ख़बरें
दतिया पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, पीताम्बरा पीठ में मां बगलामुखी के किए दर्शन
सरकारी जमीन तक बेच डाली! नैनी में भू माफियाओं का बड़ा खेल उजागर; खलिहान और तलाब बेच कमाया मुनाफा
ट्विंकल खन्ना ने सुनाया मेला का मजेदार किस्सा, बोलीं- अक्षय कुमार के ख्यालों में खोई थीं, आमिर खान भड़क गए थे
Aamir Khan Wedding: न ग्रैंड रिसेप्शन, न शोर-शराबा, जानिए कैसी होगी Gauri Spratt संग तीसरी शादी
सूत्रों ने बताया कि इन तीन नये आपराधिक कानूनों के प्रभाव में आने के मौके पर एक जुलाई को सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के प्रत्येक पुलिस थाने में प्रभारी अधिकारी एक कार्यक्रम आयोजित करेंगे और इन नये कानूनों की प्रमुख विशेषताओं से लोगों को अवगत कराएंगे। उन्होंने कहा कि थानों या किसी अन्य स्थान पर आयोजित इस कार्यक्रम में महिलाएं, युवा, छात्र, वरिष्ठ नागरिक, सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी, जानीमानी हस्तियां, स्वयं-सहायता समूहों, आंगनवाड़ी केंद्रों तथा स्थानीय शांति समितियों के सदस्य एवं शिक्षण संस्थान भी भाग लेंगे।
पुलिस अनुसंधान और विकास ब्यूरो द्वारा संकलित पुलिस संगठन के एक आंकड़े के अनुसार देश में 17,500 से अधिक थाने हैं। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) और अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) के तहत संचालित सभी उच्च शिक्षण संस्थान एक जुलाई को सामूहिक चर्चा, कार्यशाला, संगोष्ठी आदि गतिविधियों का आयोजन करेंगे और नए कानूनों के उद्देश्यों को रेखांकित करेंगे।
इन तीन नए कानूनों में ऑनलाइन पुलिस शिकायत दर्ज होना, पेशी के लिए इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से समन भेजना, सभी जघन्य अपराधों के स्थानों की अनिवार्य रूप से वीडियोग्राफी कराना एवं ‘जीरो’ प्राथमिकी दर्ज करना जैसी प्रमुख विशेषताएं हैं। केंद्रीय गृह मंत्रालय अगले सप्ताह से इन तीन नए अपराध कानूनों को लागू करने के लिए कमर कस चुका है। इन कानूनों के संबंध में 5.65 लाख से अधिक पुलिस, जेल, फॉरेंसिक, न्यायिक और अभियोजन अधिकारियों को प्रशिक्षित भी किया गया है।
–एजेंसी इनपुट के साथ
