

IMD Monsoon Alert: देश में मानसून का प्रकोप एक बार फिर तेज हो गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने शुक्रवार को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और ओडिशा समेत 22 राज्यों में भारी बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इस दौरान 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चल सकती हैं, जिससे खड़ी फसलों और निचले इलाकों को नुकसान पहुंचने की आशंका है।
मौसम विभाग के मुताबिक, सबसे गंभीर स्थिति ओडिशा में देखने को मिल सकती है, जहां 28 से 31 अगस्त के दौरान कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। वहीं, बिहार में मूसलाधार बारिश के साथ मध्यम से गंभीर स्तर की बिजली गिरने और 30 से 40 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का खतरा जताया गया है। यूपी-बिहार में जलप्रलय का खतरा मंडरा रहा है।
दिल्ली में 40 से 50 किमी/घंटे की आंधी के साथ मूसलाधार बारिश का अनुमान है, जहां अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। इस बीच उत्तर प्रदेश के कई जिलों में जलभराव से जनजीवन प्रभावित है। बांदा में निचले इलाके जलमग्न हो चुके हैं, जबकि झांसी और लखनऊ में प्रशासन ने तेज कड़कती बिजली को देखते हुए सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
पूर्वोत्तर के राज्यों अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में जमकर बादल बरसेंगे। पश्चिम बंगाल, सिक्किम, उत्तराखंड और झारखंड में भी गरज-चमक के साथ बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी।
दक्षिण और पश्चिम भारत के केरल, तटीय कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र और गुजरात में भी तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और मैदानी क्षेत्रों में जलभराव को देखते हुए प्रशासन ने लोगों को सावधानी बरतने की हिदायत दी है
महाराष्ट्र में मानसून की सक्रियता कुछ कम होने के बावजूद बारिश का दौर पूरी तरह थमा नहीं है। मौसम विभाग ने मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा के 16 जिलों में गरज-चमक और बिजली के साथ बारिश की संभावना जताई है। कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि राज्य के अन्य हिस्सों में बादल छाए रहने का अनुमान है।
कोंकण और मुंबई: मुंबई और आसपास के तटीय इलाकों में बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
मध्य महाराष्ट्र और घाट क्षेत्र (पुणे, नासिक आदि): यहां भी आंशिक बादल और कहीं-कहीं हल्की बौछारें पड़ने के आसार है।
विदर्भ और मराठवाड़ा: नागपुर सहित विदर्भ और मराठवाड़ा में भारी बारिश की चेतावनी नहीं है, लेकिन छुटपुट जगहों पर हल्के बादल और हल्की बौछारें आ सकती हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, नंदुरबार, धुलिया, जलगांव, नासिक, सातारा, सांगली, कोल्हापुर, सोलापुर, छत्रपति संभाजीनगर, जालना, बीड, परभणी, हिंगोली, धाराशिव, लातूर और नांदेड में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इन जिलों में हर जगह बारिश होने की संभावना नहीं है। स्थानीय मौसम परिस्थितियों के अनुसार कुछ इलाकों में ही बारिश होगी।