

Healthy Morning Foods: रातभर के उपवास के बाद सुबह का समय ऐसा होता है, जब शरीर पोषक तत्वों को सबसे बेहतर तरीके से अवशोषित करता है। इसलिए दिन की शुरुआत पौष्टिक आहार से करना जरूरी माना जाता है। सुबह का पहला भोजन संतुलित होना चाहिए, इसमें प्रोटीन, आयरन के साथ हेल्दी फैट का होना भी जरूरी है। सुबह का भोजन शरीर को दोबारा ऊर्जा देता है, डाइजेशन को एक्टिवेट करता है और ब्लड शुगर को स्थिर रखने में मदद करता है।
अगर सुबह खाली पेट मूंग, चना, मूंगफली और किशमिश खाई जाए, तो शरीर को प्रोटीन, फाइबर, हेल्दी फैट, आयरन और एंटीऑक्सीडेंट जैसे कई जरूरी पोषक तत्व एक साथ मिल जाते हैं। मूंग से मिलता है प्रोटीन और फाइबर। मूंगफली शरीर को हेल्दी फैट और लंबे समय तक ऊर्जा देती है, जब कि किशमिश शरीर को प्राकृतिक मिठास के साथ आयरन और एंटीऑक्सीडेंट प्रदान करती है।
मूंग प्रोटीन, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होती है। खासतौर पर अंकुरित मूंग खाली पेट खाने से पाचन बेहतर होता है, शरीर हल्का महसूस करता है और पूरे दिन के लिए पर्याप्त ऊर्जा मिलती है। सुबह खाली पेट अंकुरित मूंग खाने से पाचन तंत्र मजबूत होता है और शरीर पूरे दिन एक्टिव रहता है।
इसके अलावा इसमें मौजूद फाइबर खराब कोलेस्ट्रॉल (एलडीएल) को कम करने, हृदय को स्वस्थ रखने और वजन नियंत्रित करने में भी मदद करता है। इसे गुड़ के साथ या मूंग की चाट बनाकर भी खाया जा सकता है।
मूंगफली हेल्दी फैट, प्लांट-बेस्ड प्रोटीन और मैग्नीशियम का अच्छा स्रोत है। यह मांसपेशियों और हड्डियों को मजबूत बनाने में मदद करती है। इसमें फोलेट और विटामिन E भी पाया जाता है, जो मस्तिष्क की कार्यक्षमता को बेहतर बनाने, तनाव कम करने और त्वचा व बालों की सेहत बनाए रखने में सहायक हो सकते हैं। सुबह मूंगफली खाने से लंबे समय तक भूख नहीं लगती और शरीर को लगातार ऊर्जा मिलती रहती है।
किशमिश प्राकृतिक मिठास के साथ आयरन, पोटैशियम, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट का अच्छा स्रोत है। सुबह खाली पेट किशमिश खाने से शरीर में आयरन की कमी दूर होती है और हीमोग्लोबिन के स्तर को बेहतर बनाए रखने में मदद मिलती है। इसका फाइबर पाचन को बेहतर बनाता है, जबकि एंटीऑक्सीडेंट हृदय और हड्डियों के स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद माने जाते हैं।