गुरुग्राम की इस सोसाइटी में दीवार गिरने से बड़ा हादसा, 7 लोगों की दबकर मौत, इलाके में मची चीख-पुकार

Gurugram Signature Global Society: हरियाणा के गुरुग्राम जिले के बिलासपुर थाना क्षेत्र के सिधरावली में हाईवे किनारे स्थित सिग्नेचर ग्लोबल सोसायटी की निर्माणाधीन साइट पर दर्दनाक हादसा हो गया।
A major accident occurred in this Gurugram society due to the collapse of a wall, 7 people were crushed to death, causing panic in the area.
गुरुग्राम की इस सोसाइटी में दीवार गिरने से बड़ा हादसा (Image- Social Media)
Updated on

Gurugram News: हरियाणा के गुरुग्राम जिले के बिलासपुर थाना क्षेत्र के सिधरावली में हाईवे किनारे स्थित सिग्नेचर ग्लोबल सोसायटी की निर्माणाधीन साइट पर एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें 7 मजदूरों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सोसायटी के पिछले हिस्से में बेसमेंट की खुदाई के दौरान अचानक मिट्टी ढह गई।

इस हादसे में चार से पांच मजदूर घायल भी हुए हैं। सभी घायलों को भिवाड़ी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। मिट्टी धंसने की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंच गए और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।

कई दिनों से चल रहा था बेसमेंट की खुदाई का काम

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सिधरावली में गुरुग्राम बॉर्डर पर ओल्ड राव होटल के पास सिग्नेचर ग्लोबल सोसायटी स्थित है। यहां पिछले कई दिनों से बेसमेंट की खुदाई का काम चल रहा था, जिसमें 25 से अधिक मजदूर काम कर रहे थे। सोमवार को मजदूर बेसमेंट में खुदाई कर रहे थे, तभी अचानक पास की मिट्टी की दीवार भरभराकर गिर गई और कई मजदूर उसके नीचे दब गए। कुछ मजदूर किसी तरह अपनी जान बचाकर बाहर निकलने में सफल रहे।

7 मजदूरों की मौत

घटना की जानकारी मिलते ही बिलासपुर थाना पुलिस, फायर ब्रिगेड, एसडीआरएफ, सिविल डिफेंस और अन्य बचाव दल मौके पर पहुंचे। जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से राहत कार्य चलाया गया और 12 मजदूरों को मलबे से बाहर निकाला गया। सभी को भिवाड़ी के जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने 7 मजदूरों को मृत घोषित कर दिया। फिलहाल पांच मजदूरों का इलाज चल रहा है। मृतकों की पहचान सतीश, भगीरथ, मिलन, मंगोल, शिव शंकर और परमेश्वर के रूप में हुई है।

इस घटना को लेकर गुरुग्राम जिला प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। एसीपी पटौदी योगेश कुमार ने कहा कि जांच के बाद जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Navbharat Live
navbharatlive.com