पुलिस के हत्थे चढ़ी अलकायदा की लेडी बॉस, Insta पर युवाओं को बना रही थी कट्टर

Gujarat ATS News: गुजरात एटीएस ने बेंगलुरु से झारखंड निवासी शमा परवीन को गिरफ्तार किया, जो सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को कट्टरपंथी बना रही थी और अल-कायदा के कई ऑनलाइन टेरर मॉड्यूल चला रही थी।
पुलिस के हत्थे चढ़ी अलकायदा की लेडी बॉस, Insta पर युवाओं को बना रही थी कट्टर
बेंगलुरु से महिला आतंकी गिरफ्तार (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Gujarat ATS Arrests Bengaluru woman: गुजरात एटीएस ने मंगलवार को कर्नाटक के बेंगलुरु से एक महिला को गिरफ्तार किया है, जिसे अल-कायदा से जुड़ा हुआ आतंकी बताया जा रहा है। गिरफ्तार महिला की पहचान शमा परवीन के रूप में हुई है, जो झारखंड की रहने वाली है। शमा पर आरोप है कि वह इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए युवाओं को कट्टरपंथ की ओर उकसाने का काम कर रही थी।

जानकारी के अनुसार, वह पाकिस्तान से इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के माध्यम से सीधे संपर्क में थी और चार से पांच ऑनलाइन टेरर मॉड्यूल पर सक्रिय रूप से काम कर रही थी। बताया जा रहा है कि शमा भारत में अल-कायदा इन इंडियन सबकॉंटिनेंट (AQIS) की एक प्रमुख संचालिका है। वह न केवल पूरे मॉड्यूल का संचालन कर रही थी, बल्कि कर्नाटक में मौजूद नेटवर्क को भी अकेले ही संभाल रही थी।

आतंकियों आकाओं से सीधे संपर्क में थी शमा

गुजरात एटीएस ने शमा परवीन की एक तस्वीर जारी की है, जिसमें वह बुर्का पहने हुए नजर आ रही है और केवल उसका चेहरा दिखाई दे रहा है। इस मामले की जानकारी देते हुए गुजरात के गृह राज्य मंत्री हर्ष सांघवी ने बताया कि गुजरात पुलिस ने एक ऑनलाइन आतंकी मॉड्यूल को ध्वस्त करने में अहम सफलता हासिल की है।

उन्होंने बताया कि, इस मामले में अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, और उन्हीं से मिली जानकारी के आधार पर एटीएस ने शमा परवीन को कर्नाटक से पकड़ा है। एटीएस के अनुसार शमा परवीन पाकिस्तान स्थित आतंकियों के सीधे संपर्क में थी। वह पांच अलग-अलग आतंकी मॉड्यूल पर काम कर रही थी। जांच में बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से उसके पाकिस्तान से जुड़े संपर्कों की पुष्टि हुई है।

इंस्टाग्राम पर करती थी ब्रेनवाॅश

गुजरात एटीएस के डीआईजी सुनील जोशी ने शमा की गिरफ्तारी को लेकर कहा कि, शमा परवीर इंस्टाग्राम के जरिये लड़कों का ब्रेनवाॅश करती थी। इसके लिए उसने तीन अलग-अलग अकाउंट बना रखे थे। उन्होंने बताया कि, 22 जुलाई को पकड़े गए आतंकी एक इंस्टा अकाउंट के संपर्क में थे। इसके अलावा सभी तीन अकाउंट पर एक दूसरे से जुड़े थे। इन्हें बेंगलुरु से शमा परवीन ऑपरेट करती थी। इसका मकसद भारत में मजहबी आधार पर हिंसा फैलाना था।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com