Western Railway: अहमदाबाद में हाईटेक कंट्रोल सेंटर शुरू, 130+ ट्रेनों की होगी रियल-टाइम निगरानी

Western Railway Control Center: पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल में अत्याधुनिक इंटीग्रेटेड कंट्रोल सेंटर शुरू हुआ। रेलवे के अनुसार, इससे परिचालन दक्षता, समय और यात्री सुविधाओं में उल्लेखन सुधार होगा।
Western Railway: High-tech control center launched in Ahmedabad; over 130 trains to be monitored in real-time.
पश्चिम रेलवे में इंटीग्रेटेड कंट्रोल सेंटर का उद्घाटन (फोटो सोर्स- IANS)
Updated on

Ahmedabad Integrated Control Center: पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल ने रेल संचालन को आधुनिक तकनीक से सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए अत्याधुनिक स्टेट-ऑफ-द-आर्ट इंटीग्रेटेड कंट्रोल सेंटर का शुभारंभ किया है। मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) वेद प्रकाश ने शुक्रवार को इस नए नियंत्रण केंद्र का उद्घाटन किया। यह केंद्र अब पूरी तरह से कार्यशील हो गया है और उत्तर गुजरात क्षेत्र में रेल संचालन के केंद्रीय तंत्र के रूप में काम करेगा।

करीब 24,500 वर्ग फुट क्षेत्र में विकसित इस आधुनिक परिसर में रेल परिचालन से जुड़े विभिन्न विभागों की नियंत्रण गतिविधियों को एक ही छत के नीचे एकीकृत किया गया है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इससे परिचालन दक्षता, समयपालन और यात्री सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा।

रेलवे को सुरक्षित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि

उद्घाटन अवसर पर डीआरएम वेद प्रकाश ने कहा कि अहमदाबाद मंडल लगातार आधुनिक तकनीकों को अपनाकर भारतीय रेल के डिजिटल परिवर्तन को गति दे रहा है। उन्होंने कहा कि यह इंटीग्रेटेड कंट्रोल सेंटर रेल संचालन को अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

ट्रेनों के संचालन की रियल-टाइम होगी निगरानी

उन्होंने बताया कि इस केंद्र के जरिए ट्रेनों के संचालन की रियल-टाइम निगरानी की जाएगी। साथ ही स्टेशनों और रेलवे परिसरों में भीड़ प्रबंधन, स्वच्छता व्यवस्था, सुरक्षा संबंधी गतिविधियों और किसी भी अप्रिय घटना पर 24 घंटे नजर रखी जाएगी। विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय से आपात स्थिति में त्वरित निर्णय लेने और प्रभावी कार्रवाई करने में मदद मिलेगी।

अत्याधुनिक डिजिटल तकनीकों का हुआ उपयोग

नए कंट्रोल सेंटर में अत्याधुनिक डिजिटल तकनीकों का उपयोग किया गया है। लगभग 1,350 रूट किलोमीटर रेल नेटवर्क की रियल-टाइम निगरानी के लिए हाई-रिज़ॉल्यूशन वीडियो डिस्प्ले यूनिट (वीडीयू) वॉल स्थापित की गई है, जिससे परिचालन की हर गतिविधि पर तत्काल नजर रखी जा सकेगी।

इस परिसर में फ्रेट और कोचिंग कंट्रोल, सिग्नल एवं दूरसंचार, इंजीनियरिंग, ट्रैक्शन और क्रू प्रबंधन जैसी विभिन्न इकाइयों को एकीकृत किया गया है। इसके अलावा रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) कंट्रोल रूम, आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ तथा कैरिज एवं वैगन से जुड़ी गतिविधियों का संचालन भी यहीं से किया जाएगा।

रेल मदद शिकायत निवारण प्रणाली से कनेक्टेड

यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस केंद्र को रेल मदद शिकायत निवारण प्रणाली और नेशनल ट्रेन इन्क्वायरी सिस्टम (एनटीईएस) से भी जोड़ा गया है, जिससे यात्रियों को ट्रेनों की अद्यतन और सटीक जानकारी आसानी से उपलब्ध हो सकेगी।

रेलवे के अनुसार, इस एकीकृत नियंत्रण केंद्र के माध्यम से प्रतिदिन संचालित होने वाली 130 से अधिक यात्री ट्रेनों और 160 से ज्यादा मालगाड़ियों के संचालन की समन्वित निगरानी की जाएगी। इससे ट्रेनों के समयपालन में सुधार होगा और परिचालन संबंधी निर्णयों को तेजी से लागू किया जा सकेगा।

बेहतर समन्वय होगा स्थापित

इसके अलावा लोको इंटरचेंज, जल आपूर्ति, पार्सल प्रबंधन, क्रू तैनाती और अन्य परिचालन प्रक्रियाओं में भी बेहतर समन्वय स्थापित होगा। रियल-टाइम डेटा आधारित निगरानी प्रणाली रेल सेवाओं को अधिक विश्वसनीय और पारदर्शी बनाएगी।

24 घंटे संचालित रहने वाले इस परिसर को आधुनिक कार्यस्थल के रूप में विकसित किया गया है। यहां कर्मचारियों के लिए अत्याधुनिक कार्यक्षेत्र, विश्राम कक्ष, मिनी बोर्ड रूम और समर्पित पार्किंग जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।

एजेंसी इनपुट के साथ...

Navbharat Live
navbharatlive.com