

Yash Ramayana Story Update: साउथ सुपरस्टार यश अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण' को लेकर लगातार सुर्खियों में हैं। फिल्म में वह लंकेश रावण की भूमिका निभा रहे हैं, जिसे लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह है। हाल ही में सैन डिएगो कॉमिक-कॉन 2026 के दौरान यश ने अपने किरदार की तैयारी को लेकर दिलचस्प खुलासा किया।
यश ने बताया कि रावण के व्यक्तित्व में पूरी तरह ढलने के लिए उन्होंने संगीत का सहारा लिया और शूटिंग के दौरान सेट पर भगवान शिव के भजन तेज आवाज में बजाते थे। 'रामायण' की टीम ने सैन डिएगो कॉमिक-कॉन 2026 में फिल्म को लेकर खास बातचीत की। इस दौरान यश ने बताया कि वह अपने किरदार की मानसिक स्थिति में आने के लिए शूटिंग से पहले खास माहौल तैयार करते थे।
यश ने कहा कि मैं बड़े-बड़े स्पीकर लेकर आता था और उन पर तेज आवाज में भगवान शिव के गीत बजाता था। मैं चाहता था कि पूरी तरह उसी ऊर्जा और भाव में पहुंच सकूं, जिसमें रावण भगवान शिव की भक्ति में लीन रहता था। यश ने मुस्कुराते हुए कहा कि तेज संगीत की वजह से कई बार सेट पर मौजूद लोगों को बातचीत करने में भी परेशानी होती थी, लेकिन इससे उन्हें अपने किरदार में उतरने में काफी मदद मिलती थी।
अभिनेता ने कहा कि रावण केवल एक शक्तिशाली योद्धा नहीं था, बल्कि भगवान शिव का परम भक्त भी था। इसलिए उन्होंने उसके इस आध्यात्मिक पक्ष को समझने की कोशिश की। यश के मुताबिक, वह चाहते थे कि दर्शकों को पर्दे पर केवल एक खलनायक नहीं, बल्कि एक जटिल और शक्तिशाली व्यक्तित्व देखने को मिले। इसी सोच के साथ उन्होंने किरदार की तैयारी की।
ट्रेलर रिलीज से पहले 'रामायण' की टीम ने राष्ट्रीय राजधानी में 'प्रथम संकल्प' नाम से एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। इस आयोजन को भारत से दुनिया तक 'रामायण' की यात्रा की औपचारिक शुरुआत माना गया। कार्यक्रम में रणबीर कपूर, यश, सनी देओल और फिल्म से जुड़े अन्य कलाकार मौजूद रहे। इस दौरान रणबीर कपूर ने वरिष्ठ अभिनेता सनी देओल और प्रसिद्ध कवि कुमार विश्वास के चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद लिया।