रणबीर कपूर की रामायण का ट्रेलर देखकर डायरेक्टर सिद्धार्थ आनंद ने की तारीफ, कहा- दो बार देखा फिर भी मन नहीं भरा

Siddharth Anand Reaction: रामायण का ट्रेलर देखकर सिद्धार्थ आनंद ने बताया कि ट्रेलर इतना भव्य है कि उन्होंने इसे दो बार देखा और दर्शकों से कहा कि फिल्म से जितनी उम्मीदें रखेंगे, उतना ही अनुभव मिलेगा।
Ranbir Kapoor Ramayana Siddharth Anand Reaction Nitesh Tiwari Sai Pallavi Yash Sunny Deol
रामायण का ट्रेलर देखकर डायरेक्टर सिद्धार्थ आनंद ने की तारीफ (फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Updated on

Siddharth Anand On Ramayana Trailer: रणबीर कपूर की फिल्म 'रामायण' इन दिनों लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। फिल्म का ट्रेलर अभी आम दर्शकों के लिए रिलीज भी नहीं हुआ है, लेकिन इंडस्ट्री के कई बड़े नाम इसकी जमकर तारीफ कर रहे हैं। अब शाहरुख खान की आगामी फिल्म 'किंग' के निर्देशक सिद्धार्थ आनंद ने भी 'रामायण' के ट्रेलर की खुलकर सराहना की है। उनका कहना है कि ट्रेलर इतना शानदार है कि उन्होंने उसे एक नहीं बल्कि दो बार देखा और अब भी दोबारा देखने का मन कर रहा है।

सिद्धार्थ आनंद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि 'रामायण' के ट्रेलर से दुनियाभर की उम्मीदें रखिए और आप बिल्कुल भी निराश नहीं होंगे। ट्रेलर बेहद शानदार और भव्य है। मैंने इसे दो बार देखा ताकि हर चीज को अच्छी तरह समझ सकूं, लेकिन अब भी इसे फिर से देखने का मन है। दिवाली का बेसब्री से इंतजार है। उनके इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर चर्चा और तेज हो गई है।

दिल्ली में हुआ ट्रेलर का भव्य प्रीव्यू

18 जुलाई को दिल्ली के भारत मंडपम में 'रामायण' के ट्रेलर का एक विशेष प्रीव्यू इवेंट आयोजित किया गया था। इस मौके पर फिल्म के निर्देशक नितेश तिवारी, निर्माता नमित मल्होत्रा, रणबीर कपूर, साई पल्लवी, सनी देओल, यश, रवि दुबे सहित फिल्म की पूरी स्टारकास्ट मौजूद रही। कार्यक्रम में चुनिंदा मेहमानों, फिल्म इंडस्ट्री के सितारों और मीडिया प्रतिनिधियों को ट्रेलर दिखाया गया। इसके बाद से सोशल मीडिया पर ट्रेलर की भव्यता, वीएफएक्स और प्रस्तुति की जमकर चर्चा हो रही है।

24 जुलाई को होगा ट्रेलर रिलीज

अब आम दर्शकों का इंतजार जल्द खत्म होने वाला है। मेकर्स 24 जुलाई को 'रामायण' का ट्रेलर यूट्यूब पर रिलीज करेंगे। इसके बाद पता चलेगा कि दर्शकों की प्रतिक्रिया कैसी रहती है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी यह फिल्म भारतीय सिनेमा की सबसे महंगी फिल्मों में गिनी जा रही है। दो भागों में बनने वाली इस मेगा प्रोजेक्ट का कुल बजट करीब 4,000 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। फिल्म का पहला पार्ट इस साल दिवाली पर रिलीज होगा, जबकि दूसरा पार्ट दिवाली 2027 पर सिनेमाघरों में दस्तक देगा। रणबीर कपूर की इस महत्वाकांक्षी फिल्म से दर्शकों और इंडस्ट्री दोनों को बड़ी उम्मीदें हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com