

Jasmine Sandlas Engaged Shekhar Chaudhary: म्यूजिक इंडस्ट्री में अपनी बेबाक और अनूठी गायकी के लिए फेमस पंजाबी सिंगर जैस्मीन सैंडलस ने अपने फैंस को एक ऐसा सरप्राइज दिया है जिसकी किसी ने उम्मीद भी नहीं की थी। दिल्ली में आयोजित उनके बेहद खास संगीत सफर 'द ड्रीम गर्ल इंडिया टूर' की पहली ही रात एक ऐतिहासिक और भावुक पल में बदल गई।
इस लाइव कॉन्सर्ट के दौरान जब जैस्मीन ने अचानक मंच से अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर एक बड़ा एलान किया, तो वहां मौजूद हजारों दर्शकों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने न सिर्फ अपनी सगाई का एलान किया बल्कि अपने होने वाले जीवनसाथी को पहली बार दुनिया के सामने पेश भी किया।
सुरों की महफिल पूरी रफ्तार से आगे बढ़ रही थी और संगीत प्रेमी गानों की धुन पर झूम रहे थे। इसी बीच जैस्मीन सैंडलस ने अचानक अपने मंगेतर शेखर चौधरी का नाम पुकारा और उन्हें मंच पर आने को कहा। जैसे ही शेखर स्टेज पर पहुंचे, जैस्मीन ने उनका हाथ थामा और बेहद गर्व के साथ फैंस से उनका परिचय करवाया।
जैस्मीन ने मुस्कुराते हुए अपनी सगाई की चमचमाती अंगूठी दिखाई और कहा कि यह वही इंसान हैं जिन्होंने उन्हें यह अंगूठी पहनाई है और अब ये उनके हो चुके हैं। इस प्यारे पल को देखकर ऑडिटोरियम में मौजूद हर एक शख्स दंग रह गया। पूरा वेन्यू तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
सगाई के इस अचानक एलान के बाद से ही हर किसी के मन में यह सवाल उठ रहा है कि आखिर शेखर चौधरी कौन हैं। जहां जैस्मीन सैंडलस सोशल मीडिया और सार्वजनिक जीवन में काफी एक्टिव रहती हैं, वहीं उनके मंगेतर शेखर लाइमलाइट और चकाचौंध से दूर रहना पसंद करते हैं।
जानकारी के अनुसार वह फिल्म इंडस्ट्री का हिस्सा नहीं हैं और अपनी व्यक्तिगत जिंदगी को पूरी तरह निजी रखना पसंद करते हैं। जैस्मीन ने भी इस रिश्ते को लंबे समय तक सबकी की नजरों से छिपाकर रखा था। दोनों की मुलाकात कैसे हुई और शेखर का बैकग्राउंड क्या है, इसको लेकर अभी ज्यादा जानकारियां सामने नहीं आई हैं।
हाल ही में जैस्मीन ने फिल्म ‘धुरंधर 2’ के लिए कई बेहतरीन और यादगार गाने गाए हैं। इस फिल्म के टाइटल ट्रैक के साथ-साथ उनके गाए गाने ‘शरारत’ और ‘मैं और तू’ को संगीत प्रेमियों ने काफी पसंद किया है।
इन सबमें सबसे ज्यादा पॉपुलर और चर्चा रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर 2’ के सुपरहिट ट्रैक ‘जाइए सजना’ को मिली है, जिस पर उनका लाइव परफॉर्मेंस सोशल मीडिया पर पहले भी काफी धूम मचा चुका है।