

मुंबई: अल्लू अर्जुन की गिरफ्तारी के बाद उनके फैंस भड़क उठे थे और उनके गिरफ्तारी के खिलाफ सोशल मीडिया पर फैंस ने जमकर आवाज उठाई। गिरफ्तारी के चंद घंटे बाद ही अल्लू अर्जुन को तेलंगाना हाईकोर्ट की तरफ से अंतरिम जमानत मिल गई। लेकिन अल्लू अर्जुन की गिरफ्तारी पर बॉलीवुड खामोश रहा। वरुण धवन और कंगना रनौत जैसे कलाकार अल्लू अर्जुन का सपोर्ट करते हुए नजर आए, जबकि बाकी लोगों ने इस मामले पर चुप्पी साध रखी थी।
13 दिसंबर शुक्रवार को सुबह अल्लू अर्जुन की गिरफ्तारी की वजह से हड़कंप मच गया। अल्लू अर्जुन की गिरफ्तारी संध्या थिएटर के बाहर हुई भगदड़ के दौरान महिला की मौत की शिकायत पर हुई थी। हालांकि गिरफ्तारी के कुछ घंटे बाद ही अल्लू अर्जुन को तेलंगाना हाई कोर्ट की तरफ से अंतरिम जमानत मिली। लेकिन उससे पहले उन्हें निचली अदालत में पेश किया गया था जहां पर उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। एक्टर की टीम ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया और हाईकोर्ट ने उन्हें जमानत दे दी।
अल्लू अर्जुन की गिरफ्तारी के बाद बॉलीवुड एक्टर वरुण धवन उनके सपोर्ट में नजर आए वरुण धवन ने कहा कि इस मामले में किसी एक इंसान को दोषी नहीं ठहराया जा सकता। वरुण धवन ने कहा कि जो हादसा हुआ वह बेहद दर्दनाक है। पीड़ित परिवार के साथ उनकी सांत्वना है। लेकिन आप इसके लिए किसी एक इंसान को दोषी नहीं ठहरा सकते हैं।
कंगना रनौत भी अल्लू अर्जुन के सपोर्ट में नजर आई और उन्होंने भी अपने बयान में कहा, मुझे लगता है कि थिएटर में प्रोटोकॉल होने चाहिए। जहां सेफ्टी को लेकर चीजों को ध्यान में रखना चाहिए। हर किसी की जवाब दे ही होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि मैं अल्लू अर्जुन की बहुत बड़ी समर्थक हूं। लेकिन आपको एक उदाहरण रखने की जरूरत है। सिर्फ इसलिए कि हम हाई प्रोफाइल लोग हैं इसका मतलब यह नहीं कि हमें परिणाम नहीं भुगतना चाहिए। लोगों का जीवन अनमोल है।
रश्मिका मंदाना ने भी अल्लू अर्जुन का सपोर्ट किया उन्होंने भी यह कहा कि इस मामले में किसी एक इंसान को दोषी नहीं ठहराया जाना चाहिए। लेकिन कुल मिलाकर यह कहा जा सकता है कि इतनी बड़ी घटना हुई, जहां अल्लू अर्जुन के फैंस उनकी गिरफ्तारी के बाद नाराज नजर आए। लेकिन बॉलीवुड और यहां तक की तेलुगु सिनेमा से जुड़े लोगों ने इस पर खुलकर अपनी आवाज नहीं उठाई।