

Taarak Mehta Ka Ooltah Chashmah 18 Years: भारतीय टेलीविजन का सबसे पॉपुलर और लंबे समय तक चलने वाले कॉमेडी शो तारक मेहता का उल्टा चश्मा ने सफलता का एक और नया कीर्तिमान बना लिया है। दर्शकों को हंसी से सराबोर करते हुए इस धारावाहिक को छोटे पर्दे पर 18 साल पूरे हो चुके हैं। इस ऐतिहासिक उपलब्धि का जश्न मनाने के लिए शो के निर्माता असित कुमार मोदी ने एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया।
इस रंगारंग महफिल में धारावाहिक की पूरी स्टारकास्ट एक साथ नजर आई। इस जश्न के दौरान असित मोदी काफी इमोशनल हो गए और उन्होंने शो के सबसे चर्चित किरदार दयाबेन और सुंदरलाल को लेकर अपने दिल की बात सामने रख दी। सीरियल के 18 सफल साल पूरे होने की खुशी में आयोजित इस खास शाम में हर कोई मुस्कुराता हुआ नजर आया। हालांकि माहौल तब बेहद भावुक हो गया जब असित मोदी मंच पर आए और अपनी पूरी टीम को संबोधित करने लगे। उन्होंने बताया कि इतने सालों का सफर कब बीत गया पता ही नहीं चला।
इस मौके पर सुंदरलाल का किरदार निभाने वाले एक्टर मयूर वकानी भी मौजूद थे। मयूर को सामने देखकर असित मोदी अपनी पुरानी यादों में खो गए और उन्होंने दयाबेन का जिक्र छेड़ दिया। उन्होंने मयूर और दिशा वकानी के एक्टिंग की तारीफ करते हुए कहा कि दोनों ने ऑन-स्क्रीन भाई-बहन का रोल इतने शानदार तरीके से निभाया कि लोग आज भी उसे भूल नहीं पाए हैं।
असित मोदी ने मीडिया और अपनी टीम के सामने माना कि दयाबेन का किरदार टीवी की दुनिया में अमर हो चुका है। उन्होंने कहा कि भले ही दिशा वकानी को शो छोड़े लगभग 9 से 10 साल का लंबा वक्त बीत चुका है, लेकिन आज भी देश का बच्चा-बच्चा उन्हें याद करता है।
दयाबेन ने अपनी अलग शैली और बोलचाल के अंदाज से जो छाप छोड़ी है, उसकी बराबरी कर पाना नामुमकिन है। असित मोदी की इस बात पर जेठालाल यानी दिलीप जोशी ने भी पूरी तरह सहमति दिखाई। जेठालाल ने भी माना कि दयाबेन के बिना गोकुलधाम की रौनक हमेशा अधूरी महसूस होती है।
इस खास मौके पर 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' के मेकर्स ने अपने फैंस को एक बड़ा सरप्राइज भी दिया है। 18 साल का यह सफर पूरा होते ही निर्माता ने शो का पूरा कलेवर बदलने की तैयारी कर ली है। जश्न के दौरान गोकुलधाम सोसाइटी का नया रंग-रूप और बदला हुआ सेट दर्शकों के सामने लाया गया।
इसके साथ ही शो की स्टारकास्ट में भी कुछ नए और अहम बदलाव देखने को मिल सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान जेठालाल और बबीता जी की जोड़ी भी नए अवतार में मीडिया के कैमरों के सामने पोज देती नजर आई।