

Teja Sajja Host Telugu Reality Show: ओटीटी प्लेटफॉर्म अमेजन प्राइम वीडियो ने मुंबई में आयोजित अपने बड़े इवेंट के दौरान कई नई फिल्मों, वेब सीरीज और शोज का ऐलान किया। इसी बीच पॉपुलर रियलिटी शो ‘द ट्रेटर्स’ को लेकर भी एक बड़ा अपडेट सामने आया है, जिसने फैंस की उत्सुकता बढ़ा दी है। ऐसे में चलिए जानते हैं उसके बारे में...
दरअसल, हिंदी में शानदार सफलता के बाद अब ‘द ट्रेटर्स’ का तेलुगु वर्जन लाया जा रहा है। यह शो अपने अनोखे फॉर्मेट और माइंड गेम के लिए जाना जाता है, जिसमें धोखा, रणनीति और दिमाग का खेल देखने को मिलता है। शो में करीब 20 सेलिब्रिटीज हिस्सा लेंगे, जहां हर कोई एक-दूसरे पर शक करेगा और खुद को बचाने की कोशिश करेगा। यही ट्विस्ट इसे और भी रोमांचक बनाता है।
खास बात ये है कि तेलुगु वर्जन के होस्ट के तौर पर तेज्जा सज्जा का नाम सामने आया है। ‘हनु-मैन’ जैसी फिल्मों से पहचान बनाने वाले तेजा अब इस रियलिटी शो को अपने अंदाज में पेश करेंगे। उनकी एनर्जी और स्क्रीन प्रेजेंस को देखते हुए उम्मीद की जा रही है कि वह शो में एक नया जोश लेकर आएंगे।
गौरतलब है कि ‘द ट्रेटर्स’ के हिंदी वर्जन को पिछले साल अमेजन प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम किया गया था, जिसे करण जौहर ने होस्ट किया था। यह शो काफी हिट रहा और दर्शकों ने इसे खूब पसंद किया। इसी सफलता को देखते हुए अब मेकर्स इसे अलग-अलग भाषाओं में लाने की तैयारी कर रहे हैं।
वहीं, इस इवेंट में यह भी बताया गया कि आने वाले समय में अमेजन प्राइम वीडियो पर 50 से ज्यादा नए प्रोजेक्ट्स रिलीज किए जाएंगे, जिनमें थ्रिलर, ड्रामा और रियलिटी शोज शामिल होंगे।
हालांकि, ‘द ट्रेटर्स’ के तेलुगु वर्जन की रिलीज डेट का अभी खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन फैंस इसके जल्द आने की उम्मीद कर रहे हैं। कुल मिलाकर, यह कहना गलत नहीं होगा कि अमजेन प्राइम वीडियो अपने कंटेंट को और भी विविध और रोमांचक बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।