7 महीने की सीक्रेट रिसर्च के बाद तैयार हुई ‘द केरल स्टोरी 2’, विपुल शाह ने खोले बड़े राज

Court Case Based Film: विपुल अमृतलाल शाह ‘द केरल स्टोरी 2: गोज बियॉन्ड’ के साथ लौट रहे हैं। इसी बीच उन्होंने खुलासा किया कि 7 महीने की सीक्रेट रिसर्च के बाद यह फिल्म तैयार हुई है।
The Kerala Story 2 Goes Beyond
द केरल स्टोरी (फोटो-सोर्स,सोशल मीडिया)
Updated on

The Kerala Story 2 Goes Beyond: विपुल अमृतलाल शाह एक बार फिर ऐसे विषय को बड़े पर्दे पर ला रहे हैं, जिसने पहले भी देशभर में बहस छेड़ी थी। ‘द केरल स्टोरी’ की सफलता और विवादों के बाद अब वह इसका अगला अध्याय ‘द केरल स्टोरी 2: गोज़ बियॉन्ड’ लेकर आ रहे हैं। फिल्म का मकसद एक बार फिर वास्तविक घटनाओं से प्रेरित कहानी के जरिए गंभीर सामाजिक मुद्दों को सामने रखना है।

हाल ही में रिलीज हुए टीज़र ने संकेत दे दिया है कि इस बार कहानी पहले से ज्यादा व्यापक और जटिल होगी। छोटे से टीज़र में ही डर, तनाव और कड़वी सच्चाइयों का माहौल देखने को मिलता है। दृश्य और बैकग्राउंड स्कोर मिलकर एक गंभीर टोन सेट करते हैं, जो दर्शकों को सोचने पर मजबूर करता है।

फिल्म का निर्देशन नेशनल अवॉर्ड विजेता कमाख्या नारायण सिंह कर रहे हैं। मेकर्स का दावा है कि कहानी भारतीय न्यायिक प्रणाली में दर्ज वास्तविक मामलों से प्रेरित है। इन घटनाओं को सिनेमाई अंदाज में पेश करते हुए तथ्यों की विश्वसनीयता बनाए रखने की कोशिश की गई है।

महीनों चली फिल्म की ग्राउंड रिसर्च

विपुल शाह के मुताबिक, फिल्म केवल कागजी जानकारियों पर आधारित नहीं है। टीम ने लगभग छह से सात महीनों तक जमीनी स्तर पर रिसर्च की। अलग-अलग राज्यों में जाकर पीड़ितों, उनके परिवारों और संबंधित लोगों से मुलाकात की गई।

इसके अलावा कोर्ट के आदेश, एफआईआर, पुलिस रिकॉर्ड और मीडिया रिपोर्ट्स की भी गहन जांच की गई। मेकर्स का कहना है कि उद्देश्य केवल कहानी कहना नहीं था, बल्कि तथ्यों को समझकर उन्हें जिम्मेदारी के साथ प्रस्तुत करना था।

बताया जा रहा है कि ‘द केरल स्टोरी 2: गोज बियॉन्ड’ तीन प्रमुख कहानियों पर आधारित है। हालांकि इन तीन किरदारों के माध्यम से कई अन्य पीड़ितों की झलक भी दिखाई जाएगी। फिल्म का फोकस केवल व्यक्तिगत अनुभवों तक सीमित नहीं है, बल्कि एक व्यापक सामाजिक परिप्रेक्ष्य को सामने लाने पर है। विपुल शाह का कहना है कि यह सीक्वल पहले भाग से आगे जाकर उन पहलुओं को छुएगा, जिन पर अब तक कम चर्चा हुई है।

इस दिन रिलीज होगी द केरल स्टोरी 2

सनशाइन पिक्चर्स के बैनर तले बनी इस फिल्म को विपुल अमृतलाल शाह ने प्रोड्यूस किया है, जबकि आशिन ए शाह सह-निर्माता हैं। ‘द केरल स्टोरी 2: गोज़ बियॉन्ड’ 27 फरवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। उम्मीद की जा रही है कि फिल्म रिलीज के साथ ही एक बार फिर व्यापक चर्चा का केंद्र बनेगी।

Navbharat Live
navbharatlive.com