‘उस रात वो घर नहीं पहुंची…’ कोर्टरूम में इंसाफ की आवाज बनीं तापसी पन्नू, ‘अस्सी’ का ट्रेलर देगा झकझोर

Taapsee Pannu Assi Film Trailer: तापसी पन्नू की फिल्म ‘अस्सी’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। कोर्टरूम ड्रामा और सामाजिक मुद्दे पर बनी यह फिल्म ‘मर्दानी 3’ को कड़ी टक्कर देती नजर आ रही है।
Taapsee Pannu Assi Movie Trailer Out
‘अस्सी’ का ट्रेलर रिलीज (फोटो-सोर्स,सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Assi Movie Trailer Out: साल 2026 की शुरुआत बॉलीवुड के लिए काफी दमदार साबित हो रही है। पहले जहां ‘बॉर्डर 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्डतोड़ कमाई की, वहीं इसके बाद रानी मुखर्जी की ‘मर्दानी 3’ भी दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में कामयाब रही है। इसी बीच अब एक और फिल्म ने एंट्री मार ली है, जो कंटेंट और इंटेंसिटी के मामले में इन बड़ी फिल्मों को कड़ी टक्कर देती नजर आ रही है।

फरवरी में रिलीज होने जा रही तापसी पन्नू स्टारर फिल्म ‘अस्सी’ का ट्रेलर हाल ही में रिलीज हुआ है और आते ही इसने दर्शकों का ध्यान खींच लिया है। ट्रेलर देखकर साफ है कि यह फिल्म सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि एक सख्त और जरूरी सामाजिक सवाल उठाने वाली है।

‘अस्सी’ का ट्रेलर हुआ रिलीज

फिल्म ‘अस्सी’ के ट्रेलर की टैगलाइन है, “उस रात वो घर नहीं पहुंची”। सिर्फ एक लाइन में ही कहानी की गंभीरता साफ झलक जाती है। ट्रेलर की शुरुआत एक डरावने और झकझोर देने वाले घटनाक्रम से होती है, जिसके बाद कहानी सीधे कोर्टरूम ड्रामा में बदल जाती है। तापसी पन्नू इस फिल्म में एक वकील की भूमिका निभा रही हैं, जो एक रेप विक्टिम को न्याय दिलाने की लड़ाई लड़ती नजर आती हैं। ट्रेलर में उनके डायलॉग्स, बॉडी लैंग्वेज और आंखों में दिखता गुस्सा फिल्म की टोन को और मजबूत बनाता है।

क्या है फिल्म की कहानी?

ट्रेलर से कहानी की झलक मिलती है कि एक लड़की रात के समय अपने घर लौट रही होती है, तभी कुछ लोग उसे जबरन गाड़ी में बिठा लेते हैं और उसके साथ हैवानियत की हदें पार कर देते हैं। वारदात के बाद उसे सड़क पर फेंक दिया जाता है।

इसके बाद शुरू होता है फिल्म का असली खेल कोर्टरूम ड्रामा। फिल्म उस कड़वी सच्चाई को सामने लाती है, जहां कई रेप केस या तो दर्ज ही नहीं होते या फिर कानूनी पेंचों में फंसकर खारिज कर दिए जाते हैं। ‘अस्सी’ सवाल उठाती है कि क्या सिस्टम वाकई पीड़िता के साथ खड़ा होता है या फिर उसे ही कटघरे में खड़ा कर दिया जाता है। ट्रेलर में ऐसे कई सीन दिखाए गए हैं, जो दर्शकों को सोचने पर मजबूर कर देते हैं। यह सिर्फ एक केस की कहानी नहीं, बल्कि समाज और न्याय व्यवस्था का आईना लगती है।

तापसी पन्नू का दिखा दमदार अवतार

तापसी पन्नू एक बार फिर अपने स्ट्रॉन्ग और निडर किरदार के लिए चर्चा में हैं। उन्होंने इससे पहले भी ‘पिंक’, ‘थप्पड़’ और ‘मुल्क’ जैसी फिल्मों में सामाजिक मुद्दों पर आधारित भूमिकाएं निभाई हैं। ‘अस्सी’ में उनका किरदार गुस्से, संवेदना और संघर्ष का बेहतरीन मेल नजर आता है।

फिल्म में तापसी के अलावा कई दिग्गज कलाकार अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। इसमें जीशान अय्युब, मनोज पाहवा, कुमुद मिश्रा, सुप्रिया पाठक, सीमा पाहवा, नसीरुद्दीन शाह, रेवती और कानी कुसृति जैसे नाम शामिल हैं। इतनी मजबूत स्टारकास्ट फिल्म की गंभीरता को और बढ़ा देती है।

कब फिल्म देगी दस्तक?

अनुभव सिन्हा के निर्देशन में बनी फिल्म ‘अस्सी’ 20 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। ट्रेलर देखने के बाद यह कहना गलत नहीं होगा कि फिल्म कंटेंट और परफॉर्मेंस के दम पर दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींच सकती है।

फिल्म के ट्रेलर को लेकर सोशल मीडिया पर भी जबरदस्त चर्चा है और फैंस इसे पहले से ही साल की सबसे असरदार फिल्मों में गिनने लगे हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या ‘अस्सी’ बॉक्स ऑफिस पर भी उतना ही असर छोड़ पाती है, जितना इसका ट्रेलर दिखा रहा है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com