

Sunny Deol Fitness: बॉलीवुड के दमदार एक्टर सनी देओल इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘बंटवारा 1947’ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म में वह एक बार फिर एक्शन अवतार में नजर आने वाले हैं। खास बात यह है कि फिल्म में उनके बेटे करण देओल भी अहम भूमिका निभा रहे हैं और पर्दे पर दोनों पिता-पुत्र का किरदार निभाते दिखाई देंगे। 68 साल की उम्र में भी सनी देओल का एक्शन फिल्मों में लीड रोल करना फैंस के लिए खास है।
हाल ही में एक इंटरव्यू में सनी देओल ने अपनी फिटनेस, डाइट और रोजमर्रा के रूटीन के बारे में खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि वह अपनी उम्र को लेकर ज्यादा नहीं सोचते और आज भी खुद को एक यंग हीरो की तरह महसूस करते हैं। उनका मानना है कि जब तक वह अंदर से खुद को फिट और एक्टिव महसूस करते हैं, तब तक वह एक्शन और लीड भूमिकाएं करते रहेंगे।
सनी देओल ने बताया कि उन्हें हमेशा से सुबह जल्दी उठने की आदत रही है। वह करीब सुबह 5:30 बजे उठ जाते हैं। इसके बाद उनका दिन वर्कआउट से शुरू होता है। वह कार्डियो के साथ-साथ वेट ट्रेनिंग भी करते हैं। एक्टर के मुताबिक, एक्सरसाइज करने से उन्हें पूरे दिन सकारात्मक और एनर्जेटिक महसूस होता है।
फिटनेस को लेकर सनी देओल का नजरिया थोड़ा अलग है। उन्होंने कहा कि उनका मकसद भारी-भरकम शरीर बनाना या किसी दूसरे व्यक्ति जैसा दिखना नहीं है। वह सिर्फ एक्सरसाइज का आनंद लेते हैं और खुद को हेल्दी महसूस करना चाहते हैं। सनी देओल ने यह भी बताया कि उन्होंने कभी सख्त डाइटिंग नहीं की। वह समोसा और देसी घी वाला परांठा भी खाते हैं। उन्होंने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि उनकी उम्र में वह काफी खाते थे।
वर्कफ्रंट की बात करें तो सनी देओल की ‘बंटवारा 1947’ 14 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले सनी देओल के साथ अली फजल, शबाना आजमी और प्रीति जिंटा जैसे कलाकार नजर आएंगे। प्रीति जिंटा भी इस फिल्म के जरिए लंबे समय बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रही हैं।