Sunny Deol की 'बंटवारा 1947' में दिखेगा 1947 का दर्दनाक इतिहास, मोशन पोस्टर ने बढ़ाई दर्शकों की उत्सुकता

Sunny Deol Upcoming Film: सनी देओल की फिल्म 'बंटवारा 1947' का पहला मोशन पोस्टर रिलीज हो गया है। पोस्टर में 1947 के विभाजन का दर्द, हिंसा और परिवार की सुरक्षा के लिए संघर्ष को दिखाया गया है।
Sunny Deol Film Bantwara 1947 Preity Zinta Shabana Azmi Aamir Khan Productions
सनी देओल की फिल्म 'बंटवारा 1947' का पहला मोशन पोस्टर रिलीज (फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Sunny Deol Film Batwara 1947: बॉलीवुड एक्टर सनी देओल की फिल्म 'बंटवारा 1947' का पहला मोशन पोस्टर रिलीज हो गया है। फिल्म पहले 'लाहौर 1947' नाम से चर्चा में थी, लेकिन अब निर्माताओं ने इसका नया नाम और नई पहचान दर्शकों के सामने पेश की है। मोशन पोस्टर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं और दर्शकों की उत्सुकता भी बढ़ गई है।

फिल्म के मोशन पोस्टर की शुरुआत जलते हुए कागज के सीन से होती है, जो 1947 के भारत-पाकिस्तान विभाजन के दौरान हुए दर्द, तबाही और बिखराव का प्रतीक है। इसके बाद सनी देओल अफरा-तफरी और हिंसा के बीच दौड़ते हुए नजर आते हैं। उनके आसपास भगदड़ और दंगों जैसे हालात दिखाई देते हैं, जो उस दौर की भयावहता को बयां करते हैं।

परिवार की सुरक्षा के लिए संघर्ष करते दिखे सनी

पोस्टर के अगले हिस्से में सनी देओल हाथ में जलती हुई मशाल लिए सबसे आगे खड़े दिखाई देते हैं। उनके चेहरे पर साहस साफ झलकता है। उनके पीछे एक्ट्रेस प्रीति जिंटा और अन्य लोग नजर आते हैं, जो उनके परिवार और अपनों का प्रतीक माने जा रहे हैं। पूरा सीन संघर्ष, भय और उम्मीद के मिश्रण को दर्शाता है।

सनी देओल ने शेयर किया पोस्टर

सनी देओल ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर मोशन पोस्टर शेयर करते हुए लिखा कि डर और नफरत के समय में, उन्होंने हिम्मत को चुना। इसके साथ उन्होंने फिल्म की रिलीज डेट का भी खुलासा किया। यह फिल्म 14 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर रिलीज होने वाली यह फिल्म देश के इतिहास के एक महत्वपूर्ण अध्याय को बड़े पर्दे पर पेश करेगी।

दमदार टीम के साथ लौटे राजकुमार संतोषी

फिल्म का निर्देशन मशहूर निर्देशक राजकुमार संतोषी कर रहे हैं, जबकि इसका निर्माण आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले किया जा रहा है। सनी देओल और राजकुमार संतोषी की जोड़ी पहले भी 'घायल' और 'दामिनी' जैसी यादगार फिल्में दे चुकी है। ऐसे में दर्शकों को इस फिल्म से भी काफी उम्मीदें हैं। फिल्म में सनी देओल के अलावा प्रीति जिंटा, अली फजल, शबाना आजमी और करण देओल भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

इंसानी रिश्तों की संवेदनशील कहानी

'बंटवारा 1947' की कहानी भारत-पाकिस्तान विभाजन के दौरान प्रभावित हुए आम लोगों के जीवन पर आधारित है। कहानी एक हिंदू परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है, जो लाहौर से भारत आता है और उन्हें एक हवेली मिलती है। लेकिन बाद में पता चलता है कि उस हवेली में एक बुजुर्ग मुस्लिम महिला अब भी रह रही है। यहीं से रिश्तों, मानवीय संवेदनाओं और संघर्षों की भावुक कहानी शुरू होती है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com