Ameesha Patel Birthday: गोल्ड मेडलिस्ट हैं अमीषा पटेल, करोड़ों की नौकरी छोड़ चुना अभिनय का रास्ता

Ameesha Patel Gold Medalist: अमीषा पटेल आज अपना 51वां जन्मदिन मना रही हैं। कहो ना प्यार है, बद्री और गदर जैसी लगातार हिट फिल्मों से अमीषा पटेल ने स्टारडम हासिल किया।
Ameesha Patel Birthday Special Education Gold Medalist Net Worth
अमीषा पटेल (फोटो सोर्स- इंस्टाग्राम)
Published on
Updated on

Ameesha Patel Birthday Special Story: बॉलीवुड एक्ट्रेस अमीषा पटेल आज अपना 51वां जन्मदिन मना रही हैं। 9 जून 1975 को मुंबई के एक गुजराती परिवार में जन्मीं अमीषा ने अपने करियर की शुरुआत ऐसी फिल्मों से की, जिन्होंने उन्हें रातोंरात स्टार बना दिया। करीब 25 साल से फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय अमीषा अपनी खूबसूरती, अभिनय और शिक्षा के लिए भी जानी जाती हैं।

अमीषा पटेल ने साल 2000 में 'कहो ना प्यार है' से बॉलीवुड में कदम रखा। फिल्म में उनके साथ ऋतिक रोशन भी डेब्यू कर रहे थे। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर साबित हुई और दोनों कलाकारों को जबरदस्त लोकप्रियता मिली। अमीषा की मासूमियत और स्क्रीन प्रेजेंस ने दर्शकों का दिल जीत लिया। फिल्मों में आने से पहले अमीषा ने थिएटर की दुनिया में भी काम किया।

डेब्यू के साथ लगाई हिट फिल्मों की हैट्रिक

'कहो ना प्यार है' की सफलता के बाद अमीषा को दक्षिण भारतीय फिल्मों के ऑफर मिलने लगे। उनकी दूसरी फिल्म बद्री थी, जिसमें उन्होंने पवन कल्याण के साथ काम किया। यह फिल्म भी सफल रही। इसके बाद साल 2001 में रिलीज हुई गदर ने उन्हें सुपरस्टार बना दिया। सकीना के किरदार में अमीषा ने दर्शकों का दिल जीत लिया और उन्हें फिल्मफेयर स्पेशल परफॉर्मेंस अवॉर्ड भी मिला।

सफलता के बाद आया कठिन दौर

लगातार तीन सफल फिल्मों के बाद अमीषा के करियर में उतार-चढ़ाव शुरू हो गए। हालांकि हमराज सफल रही, लेकिन इसके बाद उनकी कई फिल्में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकीं। लंबे समय तक संघर्ष के बाद उन्होंने साल 2023 में गदर 2 के जरिए दमदार वापसी की और एक बार फिर सुर्खियों में आ गईं।

Ameesha Patel Birthday Special Education Gold Medalist Net Worth

गोल्ड मेडलिस्ट हैं अमीषा पटेल

बहुत कम लोग जानते हैं कि अमीषा पटेल बॉलीवुड की सबसे पढ़ी-लिखी एक्ट्रेसेस में शामिल हैं। उन्होंने टफ्ट्स यूनिवर्सिटी से इकोनॉमिक्स में ग्रेजुएशन किया और शानदार प्रदर्शन के लिए गोल्ड मेडल हासिल किया। उन्हें अमेरिका की एक प्रतिष्ठित निवेश बैंकिंग कंपनी से नौकरी का प्रस्ताव भी मिला था, लेकिन उन्होंने अभिनय को अपना करियर चुना।

नाम के पीछे छिपी है खास कहानी

अमीषा के नाम की कहानी भी काफी दिलचस्प है। उनके पिता अमित और मां आशा के नाम को मिलाकर अमीषा नाम रखा गया। आज भी वह अपनी प्रोफेशनल और निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में रहती हैं। शादी न करने का फैसला लेने वाली अमीषा पटेल ने अपने अभिनय और मेहनत के दम पर बॉलीवुड में एक अलग पहचान बनाई है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com