सनी देओल की बॉर्डर 2 के टीजर को सेंसर बोर्ड से मंजूरी, 15 अगस्त को होगी पहली झलक

Sunny Deol Film Border 2 Teaser: सनी देओल, वरुण धवन और अहान शेट्टी की वॉर ड्रामा फिल्म 'बॉर्डर 2' के टीजर को सेंसर बोर्ड से मंजूरी मिल गई है। टीजर 15 अगस्त को वॉर 2 के साथ सिनेमाघरों में दिखाया जाएगा।
सनी देओल की बॉर्डर 2 के टीजर को सेंसर बोर्ड से मंजूरी, 15 अगस्त को होगी पहली झलक
सनी देओल की बॉर्डर 2 के टीजर को सेंसर बोर्ड से मंजूरी
Published on: 
Updated on: 

Border 2 Teaser: सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी की वॉर ड्रामा फिल्म ‘बॉर्डर 2’ को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। फिल्म के पहले टीजर को सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन से मंजूरी मिल चुकी है। अब दर्शकों को इसकी पहली झलक 15 अगस्त 2025 को सिनेमाघरों में देखने को मिलेगी। यह टीजर ऋतिक रोशन और जूनियर एनटीआर की फिल्म ‘वॉर 2’ के साथ बड़े पर्दे पर प्रदर्शित किया जाएगा।

1997 की हिट फिल्म ‘बॉर्डर’ का सीक्वल मानी जा रही यह फिल्म एक बार फिर देशभक्ति और युद्ध की पृष्ठभूमि पर आधारित है। इस बार कहानी में पुराने चेहरों के साथ नए सितारे भी शामिल होंगे। सनी देओल अपने प्रतिष्ठित किरदार में वापसी कर रहे हैं, वहीं वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी पहली बार इस फ्रैंचाइज़ी का हिस्सा बनेंगे।

सेंसर बोर्ड ने दी मंजूरी

फिल्म निर्माताओं ने 7 अगस्त को टीजर सेंसर बोर्ड को भेजा था, जिसे बोर्ड ने U/A सर्टिफिकेट के साथ पास कर दिया। 1 मिनट 10 सेकंड लंबे इस टीजर को ‘डेट अनाउंसमेंट टीजर’ नाम दिया गया है, जिसमें फिल्म की रिलीज डेट के साथ कहानी की झलक भी दिखाई जाएगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक इसमें भारत-पाकिस्तान के संघर्ष और सीमा पर तैनात सैनिकों के साहसिक पलों को दर्शाया गया है। यह क्लिप इमोशनल और रोमांच से भरपूर होने की उम्मीद है, जिसमें सनी देओल की दमदार वापसी खास आकर्षण होगी।

युद्ध-थीम पर आधारित है फिल्म

टीजर को अधिकतम दर्शकों तक पहुंचाने के लिए मेकर्स ने रणनीतिक कदम उठाया है। इसे स्वतंत्रता दिवस पर रिलीज हो रही ‘वॉर 2’ के साथ जोड़ा जाएगा, ताकि देशभक्ति के माहौल में फिल्म का प्रमोशन और प्रभावी हो सके। यह टीजर उन्हीं सिनेमाघरों में प्रदर्शित किया जाएगा, जहां ‘वॉर 2’ दिखाई जाएगी। ‘बॉर्डर 2’ का निर्देशन अनुराग सिंह कर रहे हैं, जो पहले भी देशभक्ति और युद्ध-थीम पर आधारित फिल्मों का सफल निर्देशन कर चुके हैं।

कब रिलीज होगा बॉर्डर 2

फिल्म का निर्माण भूषण कुमार, कृष्ण कुमार, जे पी दत्ता और निधि दत्ता मिलकर कर रहे हैं। खास बात यह है कि जे.पी. दत्ता ही 1997 की मूल ‘बॉर्डर’ के निर्देशक थे, जिसे आज भी देशभक्ति फिल्मों का बेहतरीन उदाहरण माना जाता है। सूत्रों के अनुसार, ‘बॉर्डर 2’ की रिलीज अगले साल गणतंत्र दिवस के अवसर पर यानी 26 जनवरी 2026 के हफ्ते में तय की गई है। टीजर रिलीज के साथ ही इस तारीख की आधिकारिक घोषणा भी हो जाएगी। दर्शकों और फिल्म इंडस्ट्री को इस फिल्म से काफी उम्मीदें हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com