28 साल बाद फिर याद दिलाने आया ‘संदेशा’, Border 2 के ‘घर कब आओगे’ का टीजर फैंस को कर देगा इमोशनल

Ghar Kab Aaoge Song: जेपी दत्ता की बॉर्डर के 28 साल बाद आ रहे सीक्वल बॉर्डर 2 का पहला गाना ‘घर कब आओगे’ सामने आ गया है, जिसने देशभक्ति का वही पुराना एहसास जगा दिया है।
Ghar Kab Aaoge Teaser Out
घर कब आओगे (फोटो-सोर्स,सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Ghar Kab Aaoge Teaser Out: करीब 28 साल बाद एक बार फिर बड़े पर्दे पर देशभक्ति, जज्बा और भावनाओं का वही सैलाब देखने को मिलने वाला है। जेपी दत्ता की सुपरहिट फिल्म ‘बॉर्डर’ आज भी उन फिल्मों में गिनी जाती है, जिन्होंने दर्शकों के दिलों पर अमिट छाप छोड़ी। अब लंबे इंतजार के बाद इसका सीक्वल ‘बॉर्डर 2’ आने वाला है, जिसे लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह बना हुआ है।

फिल्म का टीजर पहले ही दर्शकों को रोमांचित कर चुका है और अब मेकर्स ने फिल्म के पहले गाने का टीजर रिलीज कर दिया है। इस गाने का नाम है ‘घर कब आओगे’, जो पुराने और नए दोनों दौर की भावनाओं को जोड़ता नजर आ रहा है।

‘घर कब आओगे’ का टीजर आया सामने

हाल ही में रिलीज हुए इस गाने के टीजर ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है। यह वही मशहूर गीत है, जो सालों पहले ‘संदेशे आते हैं’ के नाम से हर किसी की जुबान पर छा गया था। 28 साल पहले यह गाना सुनकर दर्शकों की आंखें नम हो जाती थीं और आज भी इसकी भावनात्मक ताकत बरकरार है।

इस बार मेकर्स ने इसी गाने का एक्सटेंडेड वर्जन पेश किया है। म्यूजिक में हल्के बदलाव किए गए हैं, लेकिन इसकी आत्मा वही रखी गई है। खास बात यह है कि गाने का नाम अब बदलकर ‘घर कब आओगे’ कर दिया गया है, जो सैनिकों की भावनाओं को और गहराई से बयां करता है।

‘घर कब आओगे’ गाना फिल्म के चार अहम किरदारों सनी देओल, दिलजीत दोसांझ, वरुण धवन और अहान शेट्टी पर फिल्माया गया है। इस गाने को चार दिग्गज गायकों ने अपनी आवाज दी है सोनू निगम, अरिजीत सिंह, विशाल मिश्रा और दिलजीत दोसांझ।

खास बात यह है कि ओरिजिनल गाने में अपनी आवाज दे चुके सोनू निगम इस नए वर्जन का भी हिस्सा हैं। पहले उनके साथ रूपकुमार राठौर ने गाया था, लेकिन इस बार मेकर्स ने नयापन बनाए रखने के लिए अरिजीत, दिलजीत और विशाल मिश्रा को भी शामिल किया है।

इस दिन रिलीज होगी बॉर्डर 2

‘बॉर्डर 2’ में एक बार फिर 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध की ऐतिहासिक गाथा को बड़े पर्दे पर उतारा जाएगा। देश के जवानों के साहस, बलिदान और जज्बे को दिखाने वाली यह फिल्म 23 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिलहाल ‘घर कब आओगे’ के टीजर ने साफ कर दिया है कि बॉर्डर 2 सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि भावनाओं का तूफान लेकर आने वाली है।

Navbharat Live
navbharatlive.com