

Highlights
सुनील ग्रोवर ने दिवाली पर सड़क किनारे फूल बेचने वालों के साथ तस्वीर शेयर की।
तस्वीर में वह शॉर्ट्स और टी-शर्ट पहनकर जमीन पर बैठे नजर आए।
अभिनेता ने पोस्ट के जरिए फैंस को दिवाली की शुभकामनाएं दीं।
Sunil Grover Flower Sale: कॉमेडियन और एक्टर सुनील ग्रोवर अपनी शानदार कॉमिक टाइमिंग के साथ-साथ अपने अनोखे अंदाज के लिए भी जाने जाते हैं। वह अक्सर सोशल मीडिया पर कुछ ऐसा कर देते हैं, जिसे देखकर फैंस हैरान रह जाते हैं। इस बार भी उन्होंने दिवाली के मौके पर कुछ ऐसा ही किया है। सुनील ग्रोवर ने इंस्टाग्राम पर अपनी एक तस्वीर शेयर की है, जिसमें वह सड़क किनारे जमीन पर बैठकर फूल बेचते नजर आ रहे हैं।
सुनील ग्रोवर ने दिवाली के मौके पर अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक तस्वीर शेयर की। इसमें वह सड़क किनारे जमीन पर फूल बेचने वाली कुछ लड़कियों के बीच बैठे नजर आ रहे हैं। उन्होंने शॉर्ट्स और सिंपल टी-शर्ट पहनी हुई है। उनके हाथों में फूल और दिवाली की सजावट से जुड़ी कुछ चीजें भी दिखाई दे रही हैं।
इस तस्वीर के साथ सुनील ग्रोवर ने सभी को दिवाली की शुभकामनाएं देते हुए लिखा, 'सभी को हैप्पी दिवाली। प्यार और रोशनी आपकी जिंदगी में आए।' हालांकि, तस्वीर को देखकर ऐसा लग रहा है कि अभिनेता फूल बेचने के काम में जुट गए हैं, लेकिन असल में ऐसा नहीं है। उन्होंने फूल बेचने वालों के साथ बैठकर यह तस्वीर खिंचवाई है। उनका यह सादगी भरा अंदाज एक बार फिर लोगों का ध्यान खींच रहा है।
सुनील ग्रोवर के लिए इस तरह आम लोगों के बीच जाकर वक्त बिताना कोई नई बात नहीं है। वह पहले भी सोशल मीडिया पर ऐसे कई वीडियो और तस्वीरें शेयर कर चुके हैं। जून में उन्होंने एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें वह घाट किनारे चादर बिछाकर आम लोगों के साथ सोते नजर आए थे। इसके अलावा एक बार वह भैंसों को नहलाते हुए भी दिखाई दिए थे। इतना ही नहीं, उन्हें सड़क किनारे अपनी पैंट पर प्रेस करवाते हुए भी देखा जा चुका है।
वर्कफ्रंट की बात करें तो सुनील ग्रोवर इन दिनों 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' में अपने अलग-अलग किरदारों से दर्शकों का मनोरंजन कर रहे हैं। हाल ही में शो के एक एपिसोड में उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का गेटअप लिया था। इस एपिसोड में विकास दिव्यकीर्ति, जाकिर खान और पंकज त्रिपाठी मेहमान बनकर पहुंचे थे। सुनील ने अपने हाव-भाव और अंदाज से अटल बिहारी वाजपेयी का ऐसा रूप पेश किया कि दर्शक हैरान रह गए।