लंदन में सुनंदा शर्मा की कार के साथ तोड़फोड़, सामान की हुई चोरी, सिंगर ने शेयर किया VIDEO
पंजाब की मशहूर सिंगर सुनंदा शर्मा हाल ही में लंदन गई हुई थीं। इस दौरान उनकी कार को चोर ने तोड़फोड़ कर महंगे सामान लूट लिए। जिसका वीडियो उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर शेयर किया है।
- Written By: स्नेहा मौर्या
सुनंदा शर्मा (फोटो-सोर्स,सोशल मीडिया)
मुंबई: पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री की फेमस सिंगर सुनंदा शर्मा इस समय एक परेशान कर देने वाली घटना को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में वो लंदन गई हुई थीं, जहां उनके साथ एक दुखद हादसा हो गया। सुनंदा ने इस पूरी घटना की जानकारी सोशल मीडिया के जरिए अपने फैंस से साझा की है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वो अपनी कार की हालत दिखाती नजर आ रही हैं।
दरअसल, सिंगर द्वारा शेयर किए गए इस वीडियो में देखा जा सकता है कि उनकी जगुआर कार को किसी ने बुरी तरह से नुकसान पहुंचाया है। कार के शीशे तोड़े गए हैं और कांच के टुकड़े हर तरफ बिखरे पड़े हैं। सुनंदा ने वीडियो में बताया कि ये सिर्फ तोड़फोड़ नहीं थी, बल्कि कार में रखे दो महंगे लुई वुइटन बैग, एक सूटकेस और एक हैंडबैग की भी चोरी हो गई है।
लंदन में सुनंदा शर्मा के सामान की हुई चोरी
हालांकि, वीडियो में सुनंदा मुस्कुराते हुए दिखती हैं, लेकिन उनकी आंखों में मायूसी साफ झलक रही थी। उन्होंने इमोशनल अंदाज में कहा कि “दोनों बैग मेरे फेवरेट थे… सबकुछ चला गया।” उन्होंने बताया कि इनमें कुछ बेहद जरूरी और पर्सनल सामान रखा था, जिसकी भरपाई अब मुश्किल है।
सुनंदा ने इस घटना के बाद लंदन की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि एक ऐसी जगह जहां लोग सुरक्षित महसूस करने आते हैं, वहां इस तरह की घटनाएं होना बेहद चिंता का विषय है।
वीडियो में सिंगर ने कही ये बात
वीडियो में सुनंदा पंजाबी भाषा में अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहती हैं कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि इस तरह की घटना उनके साथ होगी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अब वो किसी भी जर्नी पर जाते समय हमेशा सतर्कता बरतेंगी।
ये भी पढ़ें- सामंथा रुथ प्रभु ने हटवाया नागा चैतन्य से जुड़ा टैटू? वायरल वीडियो को देख अटकलें तेज
आपको बता दें, यह पहली बार नहीं है जब सुनंदा किसी विवाद या मुश्किल स्थिति में आई हैं। इससे पहले वो तब सुर्खियों में आई थीं, जब उन्होंने मशहूर म्यूजिक प्रोड्यूसर पिंकी धालीवाल के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई थी। लेकिन इस घटना के बाद फैंस ने उन्हें सोशल मीडिया पर हिम्मत बनाए रखने के लिए प्रेरित किया है और उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता भी जताई है।
