सूडान में अपहरण: ‘शाहरुख खान बोल दें तो मेरे पति छूट जाएंगे’, ओडिशा के आदर्श को छुड़ाने की गुहार
Sudan Kidnapping: सूडान में ओडिशा के आदर्श बेहरा को RSF ने अगवा कर लिया है। पत्नी ने शाहरुख खान से रिहाई की अपील की। 10 दिन से बंधक आदर्श की वतन वापसी के लिए भारत सरकार से गुहार।
- Written By: सोनाली झा
सूडान में अपहरण: ‘शाहरुख खान बोल दें तो मेरे पति छूट जाएंगे’, ओडिशा के आदर्श को छुड़ाने की गुहार
RSF rebels ask about Shah Rukh Khan: सूडान में जारी भीषण गृहयुद्ध के बीच, ओडिशा के जगतसिंहपुर जिले के एक भारतीय नागरिक आदर्श बेहरा (36) को रैपिड सपोर्ट फोर्स (RSF) नामक मिलिशिया समूह ने बंधक बना लिया है। यह घटना 26 अक्टूबर को हुई, जब RSF ने देश के अल-फशर शहर पर कब्जा कर लिया था। आदर्श की सकुशल रिहाई के लिए उनका परिवार अब भारत सरकार और बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान से गुहार लगा रहा है। आदर्श को अगवा किए जाने के बाद उनका एक वीडियो सामने आया है, जिसमें अपहरणकर्ता उनसे शाहरुख खान के बारे में पूछ रहे हैं।
आदर्श के साले दीपक बेहरा के अनुसार, अपहरणकर्ताओं ने वीडियो में शाहरुख खान का जिक्र किया था। आदर्श की पत्नी सुष्मिता का मानना है कि अपहरणकर्ता शाहरुख खान के फैन हो सकते हैं, और अगर वे एक अपील कर देंगे, तो आदर्श की रिहाई में मदद मिल सकती है। वीडियो में आरएसएफ के सैनिक आदर्श से पूछते हैं कि क्या तुम शाहरुख खान को जानते हो? उन्हें जबरन आरएसएफ कमांडर मोहम्मद हमदान दगालो (हेमेटी) का जिक्र करने को भी कहा जाता है। एक अन्य वीडियो में उन्हें ‘नमस्ते’ करने के लिए मजबूर किया जाता है।
गरीबी ने धकेला युद्धग्रस्त देश में
आदर्श बेहरा, ओडिशा के जगतसिंहपुर जिले के कोटकणा गांव के रहने वाले हैं। उनका परिवार, जिसमें माता-पिता, पत्नी सुष्मिता और दो बेटे (8 और 3 साल) शामिल हैं, गरीबी से जूझ रहा था। आदर्श की मां आरती बताती हैं कि गरीबी के कारण आदर्श केवल 10वीं तक ही पढ़ाई कर पाए। मुंबई और गुजरात में प्लास्टिक फैक्ट्री में काम करने पर उन्हें केवल 15-16 हजार रुपए सैलरी मिलती थी, जिससे परिवार का खर्च चलाना मुश्किल था। बेहतर भविष्य के लिए, आदर्श 2022 में सूडान की ‘सुक्रती प्लास्टिक फैक्ट्री’ में मशीन ऑपरेटर का काम करने गए, जहाँ उन्हें 50-60 हजार रुपए सैलरी का ऑफर मिला था।
सम्बंधित ख़बरें
शाहरुख खान की ‘किंग’ से टला क्लैश, अब नई तारीख पर रिलीज होगी Aneet Padda की ‘शक्ति शालिनी’
‘आप बिहारी है’, जब Shekhar Suman से बोले नितिन गडकरी, शो में छाए हंसी के ठहाके
कान्स 2026 में ब्लैक गाउन पहन Huma Qureshi ने बिखेरा ग्लैमर, तस्वीरों ने इंटरनेट पर मचाया तहलका
Moushumi Chatterjee ने की जीतेंद्र की समय पाबंदी की तारीफ, बोलीं- शूटिंग से एक घंटा पहले हो जाते थे तैयार
आर्थिक तंगी से जूझ रहा है परिवार
आदर्श ने बच्चों का भविष्य संवारने और टूटे मकान की मरम्मत कराने का सपना देखा था। आदर्श के पिता खेत्रबासी (65 वर्ष) चूड़ा बेचकर और मजदूरी करके खर्च उठाते थे, लेकिन अब कमाने में असमर्थ हैं। पत्नी सुष्मिता छोटे बेटे (3 साल) के कारण काम नहीं कर पा रही हैं, जिससे परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा है। आदर्श को अल-फशर में बंधक बनाया गया था और माना जा रहा है कि उन्हें दक्षिण दारफुर में RSF के गढ़ न्याला सिटी ले जाया गया है।
अपहरण और रिहाई की कोशिशें
आदर्श को बंधक बनाए जाने के बाद से 10 से 12 दिनों से परिवार की उनसे कोई बातचीत नहीं हो पाई है। उनके अपहरण के बाद सुष्मिता की तबीयत खराब हो गई और उनका इलाज बालासोर के अस्पताल में चल रहा है। आदर्श की कंपनी के मालिक ने बताया कि जब वे आदर्श को भारत वापस भेजने के लिए शहर से निकल रहे थे, तभी रास्ते में उन्हें रोककर अगवा कर लिया गया। अपहरणकर्ताओं ने उनका मोबाइल, पासपोर्ट और अन्य दस्तावेज़ भी छीन लिए हैं। कंपनी मालिक के पिता और बहन से पता चला है कि RSF के अपहरणकर्ताओं ने पैसों की मांग की है।
रेड क्रॉस पर टिकी एकमात्र उम्मीद
आदर्श ने छिपकर अपनी पत्नी को फोन किया था और बताया था कि उनकी रिहाई की संभावना तभी बन सकती है जब रेड क्रॉस इस मामले में दखल दे। बंधक बनाए जाने के बाद आदर्श ने बार-बार रेड क्रॉस का ही नाम लिया है, क्योंकि उनका मानना है कि उस जगह पर केवल वही मदद कर सकते हैं। ओडिशा के मुख्यमंत्री कार्यालय ने अपहरण की पुष्टि की है और आदर्श को सुरक्षित वापस लाने के लिए भारतीय विदेश मंत्रालय के साथ संपर्क में हैं।
आदर्श के पिता ने कही ये बात
हालांकि, आदर्श के पिता खेत्रबासी ने बताया कि शुरुआती दिनों में प्रशासन से कोई खास मदद नहीं मिली थी, लेकिन CM मोहन मांझी ने जल्द सकुशल वापसी का भरोसा दिलाया है। विधायक रमाकांत भोई ने भी केंद्र सरकार से इस मामले में दखल की मांग की है। सूडान में अप्रैल 2023 से SAF और RSF के बीच जारी जंग ने देश को तबाह कर दिया है, जिससे 1.3 करोड़ से अधिक लोग विस्थापित हुए हैं। इस अस्थिर माहौल में आदर्श के परिवार की सारी उम्मीदें अब सरकार, प्रशासन, और शायद एक सुपरस्टार की अपील पर टिकी हैं।
