

Subhash Ghai Sunday Night Post: हिंदी सिनेमा के सीनियर डायरेक्टर सुभाष घई इन दिनों सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं और वे अक्सर जिंदगी के कुछ यादगार पलों की खूबसूरत झलक सोशल मीडिया के जरिए फैंस तक पहुंचाते रहते हैं। सुभाष घई ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट के जरिए एक तस्वीर शेयर की है। तस्वीर में उनके दोस्त और अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा और उनकी पत्नी भी नजर आ रही हैं।
सुभाष घई ने इस पोस्ट के जरिए बताया कि 'रविवार शाम उन सभी ने बेहतरीन पंजाबी फिल्म 'मां जाए' देखी। फिल्म देखने के बाद निर्देशक इसके कलाकारों और कहानी की तारीफ किए बिना खुद को रोक नहीं पाए'।
सुभाष घई ने लिखा कि 'इस तस्वीर के बीच में जो शख्स हैं, वह हमारे दोस्त डॉ. अमरजीत सिंह हैं, जो न्यूयॉर्क में रहते हैं। उन्होंने भारत में अपने दिव्यांग भाई के साथ अपने गहरे रिश्ते और सफर की कहानी फिल्म निर्देशक नवनीत सिंह को सुनाई। इसी सच्ची कहानी पर आधारित शानदार पंजाबी फिल्म 'मां जाए' बनी है। रविवार शाम हम दोस्तों ने यह फिल्म देखी और इसकी तारीफ किए बिना खुद को रोक नहीं पाए। सुभाष घई ने कहा कि डॉ. अमरजीत और उनकी पत्नी जस की सच्ची कहानी पर बनी यह फिल्म अपने भावुक अंदाज और बेहतरीन निर्देशन से दिल छू लेती है'। डायरेक्टर सुभाष घई ने अपनी इस पोस्ट के जरिए सभी से यह फिल्म देखने की अपील की। उन्होंने लिखा, 'पूरी टीम को मेरी तरफ से ढेर सारी बधाई और आशीर्वाद। भाइयों के प्यार और रिश्ते पर बनी यह फिल्म जरूर देखनी चाहिए'।
ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज हुई 'मां जाए' साल 2025 की एक पंजाबी पारिवारिक ड्रामा फिल्म है, जो अटूट भाईचारे, त्याग और संघर्ष की सच्ची घटनाओं पर आधारित है। यह फिल्म भारतीय-अमेरिकी अप्रवासी डॉ. अमरजीत सिंह की रीयल लाइफ से प्रेरित है। ये फिल्म दो भाइयों (डॉ. अमरजीत सिंह और बिल्ला) के गहरे भावनात्मक रिश्ते और एक-दूसरे के सपनों को पूरा करने के लिए किए गए त्याग की कहानी है।
नवनीत सिंह द्वारा निर्देशित इस फिल्म में जिमी शेरगिल ने मुख्य भूमिका निभाई है। उनके साथ मानव विज, योगराज सिंह और रहमत रतन भी महत्वपूर्ण किरदारों में नजर आए हैं।