भगवान कृष्ण की कहानी पर बन रही है बड़ी फिल्म, 10 सितंबर को उठेगा राज से पर्दा, पोस्टर में दिखेगी पहली झलक

Srimad Bhagavatam Movie: रामानंद सागर के परिवार की प्रोडक्शन कंपनी सागर पिक्चर्स एंटरटेनमेंट अब श्रीमद्भागवतम पर लाइव-एक्शन फिल्म बनाने जा रही है। स्टार कास्ट और रिलीज डेट का खुलासा अभी नहीं हुआ है।
Srimad Bhagavatam First Look
श्रीमद्भागवतम पर आधारित फिल्म का ऐलान(फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Srimad Bhagavatam First Look: पौराणिक और धार्मिक कहानियों पर आधारित फिल्मों को लेकर दर्शकों के बीच इन दिनों खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में अब भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और उनकी दिव्य लीलाओं से जुड़ी कथा को बड़े पर्दे पर लाने की तैयारी हो रही है। रामानंद सागर के परिवार की प्रोडक्शन कंपनी सागर पिक्चर्स एंटरटेनमेंट ने 'श्रीमद्भागवतम' पर आधारित लाइव-एक्शन फिल्म का ऐलान किया है।

फिल्म को लेकर अभी कई अहम जानकारियां सामने नहीं आई हैं, लेकिन इसकी पहली झलक को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘श्रीमद्भागवतम’ फिल्म की पहली झलक 10 सितंबर को जारी की जा सकती है। माना जा रहा है कि इसी के साथ फिल्म के विजुअल ट्रीटमेंट और इसकी कहानी की दिशा की पहली झलक दर्शकों को देखने को मिलेगी।

फिल्म की स्टार कास्ट

मेकर्स ने अभी तक फिल्म की पूरी स्टार कास्ट और रिलीज डेट को लेकर आधिकारिक जानकारी शेयर नहीं की है। फिल्म का निर्माण आकाश सागर चोपड़ा और अमृत सागर चोपड़ा की देखरेख में सागर पिक्चर्स एंटरटेनमेंट के बैनर तले किया जा रहा है। यह प्रोजेक्ट इसलिए भी खास है, क्योंकि सागर परिवार का पौराणिक कथाओं को दर्शकों तक पहुंचाने का पुराना जुड़ाव रहा है।

भगवान कृष्ण की कथा पर आधारित होगी फिल्म

‘श्रीमद्भागवत महापुराण’ हिंदू धर्म के प्रमुख धार्मिक ग्रंथों में से एक है। इसमें भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनकी लीलाओं, उपदेशों और दिव्य स्वरूप से जुड़ी कई महत्वपूर्ण कथाओं का वर्णन मिलता है। ऐसे में फिल्म के जरिए इस विशाल धार्मिक कथा को किस तरह बड़े पर्दे पर प्रस्तुत किया जाएगा, यह देखना दिलचस्प होगा। मेकर्स की ओर से कहानी से जुड़ी ज्यादातर जानकारी फिलहाल गोपनीय रखी गई है।

Srimad Bhagavatam First Look
Ganesh Chaturthi Special Films: वास्तव से डॉन तक, गणपति उत्सव के रंग में रंगी हैं बॉलीवुड की ये फिल्में

पोस्टर के बाद शुरू हो सकती है शूटिंग

रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया जा रहा है कि फिल्म का पहला पोस्टर सामने आने के बाद इसकी शूटिंग हैदराबाद में शुरू हो सकती है। पोस्टर के साथ ही फिल्म की स्टार कास्ट से भी पर्दा उठने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल फिल्म की रिलीज डेट की घोषणा नहीं हुई है। अब 10 सितंबर को सामने आने वाली पहली झलक से यह साफ होगा कि सागर परिवार भगवान श्रीकृष्ण की इस भव्य कथा को आधुनिक सिनेमा के पर्दे पर किस अंदाज में पेश करने वाला है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com