77वें गणतंत्र दिवस पर साउथ सिनेमा ने दिखाया देशप्रेम, कमल हासन से राम चरण तक ने दिया एकता का संदेश

Republic Day 2026: 77वें गणतंत्र दिवस पर साउथ सिनेमा के दिग्गज सितारों ने देशभक्ति से भरे संदेश साझा किए। कमल हासन, चिरंजीवी, मोहनलाल और राम चरण ने संविधान का सम्मान करने की अपील की।
South Celebrities Republic Day Wishes
साउथ सिनेमा के स्टार्स (फोटो-सोर्स,सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

South Celebrities Republic Day Wishes: 26 जनवरी को पूरा देश 77वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। तिरंगे की शान और देशभक्ति के जज्बे के साथ हर ओर उत्साह का माहौल है। आम नागरिकों के साथ-साथ फिल्मी दुनिया के सितारे भी सोशल मीडिया के जरिए देशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दे रहे हैं। इस कड़ी में साउथ सिनेमा के कई बड़े नामों ने भी अपने विचार साझा किए।

कमल हासन ने बताई गणतंत्र की असली ताकत

तमिल सुपरस्टार और राज्यसभा सांसद कमल हासन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक विचारशील पोस्ट साझा की। उन्होंने लिखा कि भारतीय गणराज्य की नींव उस समय पड़ी जब देश ने औपनिवेशिक गुलामी से मुक्त होकर संविधान के माध्यम से स्वयं शासन करने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि गणतंत्र की शक्ति विविधता, संघवाद और लोकतांत्रिक मूल्यों के सम्मान में छिपी है। उनके मुताबिक, जब तक संविधान हमारे आचरण में जीवित रहेगा, तब तक गणराज्य मजबूत बना रहेगा।

'भारत की असली ताकत उसके लोग'

मलयालम सिनेमा के दिग्गज अभिनेता मोहनलाल ने भी गणतंत्र दिवस पर भावुक संदेश साझा किया। उन्होंने लिखा कि भारत की सबसे बड़ी शक्ति उसके लोग हैं। उन्होंने अतीत का सम्मान करते हुए वर्तमान का उत्सव मनाने और एक मजबूत भविष्य की दिशा में आगे बढ़ने की बात कही।

चिरंजीवी ने संविधान के सम्मान की दिलाई याद

मेगास्टार चिरंजीवी ने अपने पोस्ट में सभी भारतीयों को 77वें गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने देशवासियों से संविधान का सम्मान करने और एक सशक्त व प्रगतिशील भारत के लिए एकजुट होने की अपील की।

विजय ने विविधता में एकता पर दिया जोर

अपनी अपकमिंग फिल्म ‘जन नायकन’ को लेकर सुर्खियों में बने तमिल स्टार थलपति विजय ने तमिल भाषा में पोस्ट शेयर किया। उन्होंने भारत को विविधता में एकता का प्रतीक बताते हुए संविधान की गरिमा बनाए रखने का संकल्प लेने की बात कही।

राम चरण और जूनियर एनटीआर का संदेश

तेलुगु सुपरस्टार राम चरण ने गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए एकता, जिम्मेदारी और गर्व के साथ आगे बढ़ने की उम्मीद जताई। वहीं जूनियर एनटीआर ने भी अपने फैंस को इस राष्ट्रीय पर्व की हार्दिक बधाई दी। साउथ सिनेमा के सितारों के ये संदेश गणतंत्र दिवस के मौके पर देशभक्ति की भावना को और मजबूत करते नजर आए।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com