सिद्धांत कपूर पर दोबारा पूछताछ की तलवार, 252 करोड़ के ड्रग्स रैकेट में बढ़ रही है जांच

Siddhanth Kapoor: 252 करोड़ ड्रग्स केस में सिद्धांत कपूर से 5 घंटे पूछताछ हुई। क्राइम ब्रांच ने बयान अधूरा बताया, दोबारा समन होगा। पूछताछ ड्रग्स पार्टियों में शामिल होने को लेकर थी। 
सिद्धांत कपूर पर दोबारा पूछताछ की तलवार, 252 करोड़ के ड्रग्स रैकेट में बढ़ रही है जांच
252 करोड़ ड्रग्स केस: सिद्धांत कपूर से 5 घंटे चली पूछताछ, क्राइम ब्रांच ने कहा- 'बयान अधूरा, दोबारा समन होगा जारी'
Published on
Updated on

Siddhanth Kapoor Drugs Case: 252 करोड़ रुपए के हाई-प्रोफाइल ड्रग्स मामले में जांच लगातार तेज होती जा रही है। इसी कड़ी में बॉलीवुड एक्टर सिद्धांत कपूर से एंटी-नारकोटिक्स सेल (एएनसी) की घाटकोपर यूनिट ने करीब पांच घंटे तक गहन पूछताछ की। पूछताछ के बाद वह एएनसी ऑफिस से बाहर निकले। मुंबई क्राइम ब्रांच के वरिष्ठ अधिकारियों ने साफ किया है कि सिद्धांत कपूर का बयान अभी अधूरा है और उन्हें जल्द ही दोबारा पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है।

सिद्धांत कपूर को पूछताछ के लिए इसलिए तलब किया गया क्योंकि मुख्य आरोपी के बयान में उनका नाम सामने आया था। पुलिस उन जानकारियों की पुष्टि करना चाहती है, खासकर उन पार्टियों को लेकर जहां कथित तौर पर ड्रग्स का इस्तेमाल होने की बात कही गई है। पुलिस का दावा है कि सिद्धांत कपूर भारत में ही कहीं एक पार्टी में शामिल हुए, जहां कथित तौर पर ड्रग्स का इस्तेमाल हुआ था।

ड्रग्स पार्टियों में शामिल होने पर सवाल

पूछताछ के दौरान सिद्धांत से उन पार्टियों के बारे में विस्तृत सवाल किए गए, जिनमें कथित तौर पर ड्रग्स का इस्तेमाल हुआ था। पुलिस इस बात की जाँच कर रही है कि क्या सिद्धांत कपूर ड्रग्स नेटवर्क से सीधे तौर पर जुड़े थे। हालांकि, पुलिस ने यह स्पष्ट किया कि यह पूछताछ केवल जाँच प्रक्रिया का हिस्सा है और इस वक्त सिद्धांत कपूर पर कोई आरोप सिद्ध नहीं हुआ है। बता दें कि सिद्धांत कपूर पहले भी ड्रग्स विवादों में घिर चुके हैं, जब 2022 में बेंगलुरु की एक रेव पार्टी के दौरान ड्रग्स मामले में उनका नाम सामने आया था।

252 करोड़ मामले की जड़

252 करोड़ रुपए के इस ड्रग्स मामले की शुरुआत पिछले साल मार्च में तब हुई, जब महाराष्ट्र के सांगली जिले में एंटी-नारकोटिक्स सेल ने एक अवैध मेफेड्रोन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। यह फैक्ट्री संगठित तरीके से संचालित की जा रही थी और यहां मेफेड्रोन नामक ड्रग्स का बड़े पैमाने पर उत्पादन हो रहा था। अंतरराष्ट्रीय बाजार में बरामद ड्रग्स की कीमत लगभग 252 करोड़ रुपए आंकी गई थी। यह नेटवर्क भारत और विदेशों में हाई-प्रोफाइल पार्टियों में ड्रग्स की सप्लाई करता था।

अब ओरी से होगी पूछताछ

सिद्धांत कपूर से पूछताछ के बाद, अब सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ओरहान अवत्रामणी उर्फ ओरी की बारी है। ओरी को पहले 20 नवंबर को पेश होना था, लेकिन उन्होंने अतिरिक्त समय मांगा था। अब उन्हें बुधवार, 26 नवंबर को बयान दर्ज कराने के लिए समन किया गया है। ओरी से पूछताछ इस हाई-प्रोफाइल ड्रग्स नेटवर्क के तार खंगालने की दिशा में अगला कदम है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com