श्री हनुमान चालीसा ने रचा इतिहास, 5 बिलियन व्यूज पार कर बना भारत का नं1 वीडियो

Most Viewed Indian Video: श्री हनुमान चालीसा यूट्यूब पर इतिहास रचते हुए 5 बिलियन व्यूज पार कर चुका है। इस गीत ने ऐसी लोकप्रियता हासिल की, जिसे कोई भी बॉलीवुड, पंजाबी या साउथ का गाना नहीं छू सका।
Shri Hanuman Chalisa creates history crosses 5 billion views to become India No 1 video
श्री हनुमान चालीसा ने रचा इतिहास
Published on: 
Updated on: 

Shree Hanuman Chalisa YouTube Views: टी-सीरीज का मशहूर भक्ति गीत ‘श्री हनुमान चालीसा’ यूट्यूब पर इतिहास रच चुका है। यह भक्ति वीडियो अब 5 बिलियन यानी 500 करोड़ व्यूज को पार कर चुका है। ‘श्री हनुमान चालीसा’ ने एक ऐसा रिकॉर्ड बना लिया हैं, जिसे आज तक किसी भी बॉलीवुड, पंजाबी, साउथ या इंडिपेंडेंट म्यूजिक वीडियो ने छू तक नहीं पाया।

10 मई 2011 को यूट्यूब पर अपलोड हुआ यह भक्ति गीत पिछले 14 वर्षों से लगातार लोगों की आस्था और श्रद्धा का केंद्र बना हुआ है। समय बदलता गया, गानों के ट्रेंड बदलते गए, नई पीढ़ियां आईं, लेकिन ‘श्री हनुमान चालीसा’ की लोकप्रियता हर साल और अधिक बढ़ती चली गई। इस रिपोर्ट को लिखे जाने तक वीडियो ने 5,008,506,730 से अधिक व्यूज हासिल कर लिए हैं। इसके साथ ही इसे 20 मिलियन से ज्यादा लाइक्स भी मिल चुके हैं, एक ऐसा आंकड़ा जो किसी भी भारतीय वीडियो के लिए बेहद दुर्लभ है।

गायक हरिहरन ने दी अपनी आवाज

इस वीडियो में गुलशन कुमार नजर आते हैं, जबकि इसकी आवाज प्रसिद्ध गायक हरिहरन ने दी है। संगीतकार ललित सेन द्वारा दिए गए संगीत ने इसे और भी आध्यात्मिक और प्रभावशाली बना दिया। टी-सीरीज ने अपनी आधिकारिक पोस्ट में इस उपलब्धि को फैंस संग साझा करते हुए लिखा कि यह सफलता लोगों के विश्वास, भक्ति और अनंत प्रेम का सबसे बड़ा प्रमाण है।

दूसरे गानों की क्या स्थिति है

भारत में आज लाखों गाने यूट्यूब पर करोड़ों के आंकड़े छूते हैं, लेकिन ‘श्री हनुमान चालीसा’ की बराबरी कोई नहीं कर सका। इसके बाद सबसे ज्यादा देखा जाने वाला भारतीय वीडियो है पंजाबी हिट ‘लहंगा’, जिसके लगभग 1.8 बिलियन व्यूज हैं, यानी हनुमान चालीसा से लगभग 3.2 बिलियन व्यूज़ कम। ‘52 गज का दामन’, ‘वास्ते’, ‘लुट गए’, ‘लौंग लाची’ और साउथ का सुपरहिट ट्रैक ‘राउडी बेबी’ भी टॉप लिस्ट में शामिल हैं, लेकिन इनमें से एक भी वीडियो अभी 2 बिलियन तक नहीं पहुंच पाया।

भक्ति और आस्था से जुड़े गीतों का प्रभाव

इन आंकड़ों से साफ है कि जहां फिल्मी और पॉप गाने समय के साथ बदलते रहते हैं, वहीं भक्ति और आस्था से जुड़े गीतों का प्रभाव स्थायी और गहरा होता है। हनुमान चालीसा की 5 बिलियन व्यूज़ वाली उपलब्धि यह साबित करती है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी भारतीय आस्था की शक्ति का मुकाबला कोई नहीं कर सकता।

Navbharat Live
navbharatlive.com