राज कपूर को याद कर भावुक हुए शत्रुघ्न सिन्हा, बोले- आप हमेशा हमारे दिलों में रहेंगे

Raj Kapoor Birth Anniversary: राज कपूर की 101वीं जयंती पर शत्रुघ्न सिन्हा ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। शत्रुघ्न सिन्हा ने सोशल मीडिया पर राज कपूर को द ग्रेटेस्ट शोमैन और लीजेंडरी कलाकार बताया।
Shatrughan Sinha became emotional while remembering Raj Kapoor
राज कपूर को याद कर भावुक हुए शत्रुघ्न सिन्हा
Published on: 
Updated on: 

Shatrughan Sinha Tribute To Raj Kapoor: राज कपूर की 101वीं बर्थ एनिवर्सरी पर फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई सितारों ने उन्हें याद किया। इसी कड़ी में एक्टर और राजनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने भी राज कपूर को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पुरानी तस्वीर साझा करते हुए अपने दिल की बात कही और राज कपूर को अपनी सबसे बड़ी प्रेरणा बताया।

शत्रुघ्न सिन्हा ने अपने पोस्ट में साल 1976 की फिल्म ‘खान दोस्त’ की एक तस्वीर शेयर की, जिसमें वे राज कपूर के साथ नजर आ रहे हैं। इस तस्वीर के साथ उन्होंने लिखा कि आप हमेशा हमारे दिलों में रहेंगे। आज आपको याद कर रहा हूं, द ग्रेटेस्ट शोमैन, लीजेंडरी और सबसे अच्छे राज कपूर। वे हमेशा मेरे लिए प्रेरणा का सबसे बड़ा स्रोत रहे हैं। ‘खान दोस्त’ में साथ काम करने की यादें आज भी ताजा हैं। आपकी बहुत याद आती है। राज कपूर अमर रहें। शत्रुघ्न सिन्हा के इस भावुक संदेश ने फैंस के साथ-साथ फिल्म जगत के लोगों को भी भावुक कर दिया।

राज कपूर और शत्रुघ्न सिन्हा की फिल्में

राज कपूर और शत्रुघ्न सिन्हा ने साथ में दो फिल्मों में काम किया था। पहली थी 1976 में रिलीज हुई फिल्म ‘खान दोस्त’, जिसमें राज कपूर ने एक ईमानदार और सीधे-सादे पुलिस अधिकारी का किरदार निभाया था, जबकि शत्रुघ्न सिन्हा फिल्म में खलनायक की भूमिका में नजर आए थे। फिल्म की कहानी भ्रष्टाचार और परिस्थितियों के दबाव में बदलते इंसान की मानसिकता को दर्शाती है। दूसरी फिल्म थी 1981 में आई सुपरहिट ‘नसीब’, जिसमें राज कपूर ने एक खास कैमियो किया था। हालांकि भूमिका छोटी थी, लेकिन उनकी मौजूदगी ने फिल्म को खास बना दिया।

राज कपूर का अभिनय करियर

राज कपूर का जन्म 14 दिसंबर 1924 को पेशावर में हुआ था। वे महान एक्टर पृथ्वीराज कपूर के बेटे थे और बहुत कम उम्र में ही अभिनय की दुनिया में कदम रख दिया था। महज 10 साल की उम्र में उन्होंने 1935 की फिल्म ‘इंकलाब’ से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की। साल 1947 में आई फिल्म ‘नील कमल’ ने उन्हें बतौर लीड एक्टर पहचान दिलाई। इसके बाद ‘आवारा’, ‘श्री 420’, ‘बरसात’ और ‘मेरा नाम जोकर’ जैसी फिल्मों के जरिए उन्होंने भारतीय सिनेमा को नई दिशा दी।

राज कपूर को मिला ये सम्मान

चार दशकों से ज्यादा लंबे करियर में राज कपूर ने न सिर्फ अभिनय किया, बल्कि निर्देशन और निर्माण में भी अपनी छाप छोड़ी। उन्हें तीन राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार और 11 फिल्मफेयर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। उनकी 101वीं जयंती पर शत्रुघ्न सिन्हा समेत तमाम प्रशंसकों ने उन्हें याद करते हुए एक बार फिर साबित कर दिया कि राज कपूर आज भी करोड़ों दिलों में जिंदा हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com