

Shah Rukh Khan Kashmir Connection: बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान अपनी बेहतरीन एक्टिंग के साथ-साथ अपनी पर्सनल लाइफ से जुड़े दिलचस्प और भावुक किस्सों के लिए जाने जाते हैं। एक समय ऐसा भी था जब वे पूरी दुनिया घूम चुके थे, लेकिन भारत की जन्नत यानी कश्मीर जाने से हमेशा बचते रहे। सुपरस्टार ने खुद 'कौन बनेगा करोड़पति' के मंच पर महानायक अमिताभ बच्चन से अपनी इस दूरी का सच शेयर किया था, जो उनके स्वर्गीय पिता से जुड़े एक भावनात्मक वादे से बंधा हुआ था।
अमिताभ बच्चन से बातचीत के दौरान शाहरुख खान ने बताया था कि उनकी दादी कश्मीर की रहने वाली थीं, इसलिए इस जगह से उनके परिवार का गहरा जुड़ाव था। उनके पिता ने बचपन में ही उनसे एक खास गुजारिश की थी। पिता ने उनसे कहा था कि वे अपनी लाइफ में 3 जगहें जरूर देखें, जिनमें इस्तांबुल, रोम और कश्मीर शामिल थे। इसके साथ ही उन्होंने शर्त रखी थी कि शुरुआती दो शहर तो वे अकेले देख सकते हैं, मगर कश्मीर कभी उनके बिना न जाएं।
शाहरुख खान जब महज 15 साल के थे, तभी उनके पिता का साया उनके सिर से उठ गया। पिता के अचानक चले जाने के बाद भी शाहरुख ने उनकी बात को पत्थर की लकीर मान लिया। जीवन में आगे चलकर उन्हें कई बार कश्मीर जाने के मौके मिले, दोस्तों ने बुलाया और पूरा परिवार भी वहां छुट्टियों पर गया, मगर वे खुद कभी वहां नहीं पहुंचे। किसी भी भौगोलिक या राजनीतिक वजह के बजाय केवल पिता का वो आखिरी शब्द उनके कदमों को रोक लेता था।
सालों बाद जब जाने-माने फिल्ममेकर यश चोपड़ा ने अपनी फिल्म 'जब तक है जान' की शूटिंग कश्मीर में करने का फैसला किया, तो शाहरुख खान दुविधा में पड़ गए। आमतौर पर वे इस प्रस्ताव को ठुकरा देते, लेकिन यश चोपड़ा को वे अपने पिता की तरह मानते थे। शाहरुख कान ने दिल से महसूस किया कि अपने जैविक पिता के साथ न जाने का मलाल अब पिता समान डायरेक्टर के साथ जाकर ही पूरा किया जा सकता है। इसके बाद ही उन्होंने साल 2012 में पहली बार घाटी में कदम रखा।
शाहरुख खान का यह भावुक किस्सा आज भी उनके फैंस के दिलों को छू लेता है। फिलहाल दर्शक पर्दे पर उनकी अगली एक्शन ड्रामा फिल्म 'किंग' का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
इस बहुचर्चित प्रोजेक्ट की खास बात यह है कि इसमें शाहरुख खान पहली बार अपनी बेटी सुहाना खान के साथ स्क्रीन शेयर करते नजर आएंगे। बड़े पर्दे पर बाप-बेटी की यह जोड़ी देखने के लिए फैंस काफी उत्साहित हैं।