भूतनी का बदला की शूटिंग के दौरान संजना पांडेय के कपड़ों में लगी आग, क्रू की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

Sanjana Pandey Accident: एक्ट्रेस संजना पांडेय 'भूतनी का बदला' की शूटिंग के दौरान हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बचीं। आग वाले सीन की शूटिंग के दौरान तेज हवा से लपटें बेकाबू होकर उनकी ओर पहुंच गईं।
Sanjana Pandey Accident
संजना पांडेय(फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Bhojpuri Actress Sanjana Pandey Fire Accident: भोजपुरी एक्ट्रेस संजना पांडेय शूटिंग के दौरान एक बड़े हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गईं। एक्ट्रेस अपनी अपकमिंग फिल्म ‘भूतनी का बदला’ की शूटिंग कर रही थीं। इसी दौरान एक सीन फिल्माते वक्त अचानक आग बेकाबू हो गई और इसकी लपटें संजना की ओर पहुंच गईं। देखते ही देखते उनके कपड़ों में भी आग लग गई। हालांकि, सेट पर मौजूद क्रू मेंबर्स ने तुरंत स्थिति को संभाला और समय रहते आग बुझा दी।

बताया जा रहा है कि फिल्म के एक सीन में संजना पांडेय को आग के बीच खड़े होकर शूटिंग करनी थी। इसके लिए तय प्रक्रिया के तहत ज्वलनशील सामग्री का इस्तेमाल किया गया था। शूटिंग के दौरान अचानक तेज हवा चलने लगी, जिससे आग को नियंत्रित करना मुश्किल हो गया। हवा के कारण आग की लपटें अचानक एक्ट्रेस की तरफ बढ़ गईं और कुछ ही समय में उनके कपड़ों तक पहुंच गईं। स्थिति बिगड़ते ही सेट पर मौजूद क्रू ने तुरंत मोर्चा संभाला और पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी।

क्रू की तत्परता से बची एक्ट्रेस की जान

हादसे के बाद संजना पांडेय को तुरंत सुरक्षित जगह पर ले जाया गया। समय रहते आग बुझ जाने की वजह से कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। एक्ट्रेस ने बताया कि घटना अचानक हुई और कुछ ही पलों में स्थिति गंभीर हो गई थी। संजना के मुताबिक, इस हादसे में उनके अलावा किसी अन्य व्यक्ति के घायल होने की जानकारी नहीं है। घटना के बाद उन्होंने राहत की सांस ली और बताया कि वह सुरक्षित हैं। सेट पर मौजूद टीम की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।

जौनपुर में हो रही थी फिल्म की शूटिंग

यह हादसा उत्तर प्रदेश के जौनपुर के बदलापुर में हुआ, जहां संजना पांडेय फिल्म ‘भूतनी का बदला’ की शूटिंग कर रही थीं। एक्ट्रेस के मुताबिक, फिल्म में मनोरंजन के साथ रोमांच और रहस्य का भी तड़का देखने को मिलेगा। उन्होंने बताया कि फिल्म की कहानी और किरदारों को ध्यान में रखते हुए पूरी टीम लगातार मेहनत कर रही है।

भोजपुरी फिल्म की शूटिंग के दौरान कई चुनौतीपूर्ण सीन्स को भी पूरी लगन के साथ फिल्माया जा रहा है। संजना ने उम्मीद जताई कि रिलीज के बाद दर्शकों को फिल्म की कहानी, प्रस्तुति और कलाकारों का काम पसंद आएगा। फिलहाल हादसे के बाद शूटिंग को लेकर आगे की जानकारी सामने नहीं आई है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com