

Highlights
सलमान खान की फिल्म 'मातृभूमि' के ट्रेलर ने 24 घंटे से कम समय में 50 मिलियन व्यूज पार किए।
ट्रेलर को दर्शकों के साथ सेना के पूर्व अधिकारियों की भी सराहना मिल रही है।
शौर्य चक्र से सम्मानित रिटायर्ड मेजर पवन कुमार ने ट्रेलर की तारीफ की।
Salman Khan Film Maatrubhumi Trailer 50 Million Views: बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान की अपकमिंग फिल्म 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' रिलीज से पहले ही चर्चा में आ गई है। फिल्म के ट्रेलर को दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है। आलम यह है कि रिलीज होने के 24 घंटे से भी कम समय में ट्रेलर ने 50 मिलियन यानी 5 करोड़ से ज्यादा व्यूज का आंकड़ा पार कर लिया है।
मातृभूमि के ट्रेलर की सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है। खास बात यह है कि सिर्फ आम दर्शक ही नहीं, बल्कि सेना से जुड़े पूर्व अधिकारी और कई सम्मानित हस्तियां भी इसकी तारीफ कर रहे हैं। 'मातृभूमि' के ट्रेलर को मिल रही सराहना के बीच सेना के पूर्व अधिकारियों की प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं।
शौर्य चक्र से सम्मानित रिटायर्ड मेजर पवन कुमार और सेना मेडल से सम्मानित सैन्य खुफिया विभाग के अनुभवी मेजर एम जॉली ने भी ट्रेलर की तारीफ की है। सेना में अपनी सेवाएं दे चुके लोगों की ओर से मिल रही प्रशंसा फिल्म के लिए खास मानी जा रही है। दरअसल, सलमान खान की 'मातृभूमि' में युद्ध के मैदान की चुनौतियों के साथ-साथ सैनिकों के बलिदान और उनके परिवारों की इमोशनल मुश्किलों को भी दिखाया गया है।
अपूर्व लाखिया के निर्देशन में बनी 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' को सलमान खान फिल्म्स के बैनर तले प्रोड्यूस किया गया है। फिल्म में सलमान खान के साथ चित्रांगदा सिंह मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। देशभक्ति, सैनिकों के बलिदान और युद्ध के मानवीय पहलुओं को समेटे यह फिल्म 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। अब देखना होगा कि ट्रेलर को मिले इस शानदार रिस्पॉन्स का असर बॉक्स ऑफिस पर कितना दिखाई देता है।
फिल्म के ट्रेलर की सबसे खास बात इसका एक्शन और इमोशन का मेल है। इसमें दमदार एक्शन सीन्स, शानदार विजुअल्स और सैन्य मिशनों से जुड़ी अनिश्चितताओं की झलक देखने को मिलती है। हालांकि, फिल्म केवल युद्ध और हथियारों तक सीमित नहीं है। यह उन सैनिकों के परिवारों की कहानी को भी सामने लाती है, जो अपने प्रियजनों के देश की रक्षा के लिए जाने के बाद हर पल चिंता और इंतजार में गुजारते हैं।
इसके अलावा, फिल्म युद्ध के दोनों तरफ जान गंवाने वाले लोगों और उनके परिवारों के दर्द को भी दिखाने की कोशिश करती है। यही वजह है कि ट्रेलर को दर्शकों के साथ-साथ सैन्य पृष्ठभूमि से जुड़े लोगों की भी सराहना मिल रही है।