रॉबर्ट डुवैल और अनुपम खेर (Image- Social Media)
Robert Duvall Death: हॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता रॉबर्ट डुवैल का 95 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। ऑस्कर विजेता अभिनेता ने 1972 में रिलीज हुई क्लासिक फिल्म द गॉडफादर में अपने यादगार अभिनय से दुनियाभर में पहचान बनाई थी। उनकी पत्नी लुसियाना डुवैल ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस दुखद समाचार की पुष्टि की।
बयान के अनुसार, रॉबर्ट डुवैल ने रविवार को वर्जीनिया के मिडलबर्ग स्थित अपने घर में अंतिम सांस ली। 5 जनवरी 1931 को कैलिफोर्निया में जन्मे डुवैल ने सात दशकों से अधिक लंबे करियर में 90 से ज्यादा फिल्मों में काम किया। उन्होंने हर किरदार में गहराई, संयम और सच्चाई का अद्भुत संतुलन पेश किया, जो उन्हें अपने दौर के सबसे सम्मानित अभिनेताओं में शामिल करता है।
‘द गॉडफादर’ में टॉम हेगन की भूमिका ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई। निर्देशक फ्रांसिस फोर्ड कोपोला की इस फिल्म में डुवैल ने शांत, मगर प्रभावशाली अभिनय से दर्शकों और समीक्षकों दोनों का दिल जीत लिया था। इसके अलावा एपोकैलिप्स नाउ, टेंडर मर्सीज़, द एपोस्टल और लोनसम डव जैसी परियोजनाओं में उनके अभिनय को आज भी अभिनय की पाठशाला माना जाता है। ‘टेंडर मर्सीज’ के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का ऑस्कर पुरस्कार भी मिला था।
भारतीय अभिनेता अनुपम खेर ने रॉबर्ट डुवैल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। इंस्टाग्राम पर उनकी तस्वीरें साझा करते हुए अनुपम खेर ने लिखा कि डुवैल ऐसे अभिनेता थे जिन्हें ध्यान आकर्षित करने के लिए कभी शोर की जरूरत नहीं पड़ी। उन्होंने हर किरदार में अद्भुत गहराई और सच्चाई भरी। अनुपम खेर ने आगे कहा कि ‘द गॉडफादर’ में टॉम हेगन की संयमित ताकत से लेकर ‘एपोकैलिप्स नाउ’ में किलगोर की तीव्रता तक, डुवैल के किरदार लंबे समय तक दर्शकों के मन में बसे रहते हैं।
IN LOVING MEMORY OF ROBERT DUVALL… 💔🕉💔#RobertDuvall was the kind of actor who never needed noise to command attention. Quiet, precise, and profoundly truthful, he brought an extraordinary depth to every role he inhabited. For me, he was always one of the favourites — not… pic.twitter.com/7fGj5KDi7S — Anupam Kher (@AnupamPKher) February 17, 2026
अनुपम खेर के मुताबिक, रॉबर्ट डुवैल जैसे कलाकार केवल अभिनय नहीं करते, बल्कि अपने किरदार को जीते थे। रॉबर्ट डुवैल के निधन से फिल्म जगत ने एक ऐसे कलाकार को खो दिया है, जिनकी सादगी, गहराई और प्रभावशाली अभिनय आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा। उनका काम सिनेमा के इतिहास में हमेशा अमर रहेगा।