ऋषभ शेट्टी, रणवीर सिंह (फोटो-सोर्स,सोशल मीडिया)
Rishab Shetty Praises Dhurandhar 2: बॉलीवुड में इस समय ‘धुरंधर: द रिवेंज’ का जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है। रणवीर सिंह स्टारर यह फिल्म 19 मार्च को रिलीज हुई थी और बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। महज कुछ ही दिनों में फिल्म ने दुनियाभर में 500 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली है। दर्शकों के साथ-साथ फिल्म इंडस्ट्री के कई बड़े सितारे भी इसकी तारीफ करते नजर आ रहे हैं।
इसी बीच साउथ सिनेमा के मशहूर अभिनेता और निर्देशक ऋषभ शेट्टी ने भी फिल्म को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है, जिसने चर्चा को और तेज कर दिया है। खास बात यह है कि ‘कांतारा’ विवाद के महीनों बाद उनका यह बयान सामने आया है।
ऋषभ शेट्टी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए ‘धुरंधर: द रिवेंज’ की जमकर सराहना की। उन्होंने लिखा कि फिल्म की शुरुआत से ही दर्शक इससे जुड़ जाते हैं और अंत तक कहानी उन्हें बांधे रखती है। उनके अनुसार, फिल्म का हर सीन बेहद प्रभावशाली है और पूरी कहानी एक मजबूत संदेश देती है।
उन्होंने निर्देशक आदित्य धर की तारीफ करते हुए कहा कि उनका कहानी कहने का तरीका शानदार है और उन्होंने हर छोटी डिटेल पर बारीकी से काम किया है।
ऋषभ ने फिल्म के कलाकारों की भी खूब तारीफ की। उन्होंने आर.माधवन, अर्जुन रामपाल, राकेश बेदी और सारा अर्जुन के अभिनय को बेहतरीन बताया। साथ ही संजय दत्त के लिए उन्होंने खास तौर पर लिखा कि “सर, आपको सलाम।” इसके अलावा फिल्म के विजुअल्स, म्यूजिक और एडिटिंग की भी जमकर सराहना की गई, जिसने इसे एक अलग स्तर पर पहुंचा दिया।
गौरतलब है कि साल 2025 में कांतारा से जुड़े एक विवाद में रणवीर सिंह का नाम सामने आया था। इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया के दौरान उन्होंने ‘दैव’ रिचुअल की नकल की थी, जिस पर Rishab Shetty ने नाराजगी जताई थी। लेकिन अब समय बीतने के बाद ऋषभ शेट्टी का यह सकारात्मक रुख दिखाता है कि उन्होंने उस विवाद को पीछे छोड़ दिया है।
ये भी पढ़ें- विवाद में घिरी ‘धुरंधर 2’, सिख समुदाय ने एक सीन पर जताई आपत्ति, रणवीर सिंह-आदित्य धर के खिलाफ शिकायत दर्ज
सिर्फ ऋषभ शेट्टी ही नहीं, बल्कि रवि तेजा, जूनियर एनटीआर, अल्लू अर्जुन और महेश बाबू जैसे कई बड़े सितारे भी फिल्म की तारीफ कर चुके हैं। कुल मिलाकर, ‘धुरंधर: द रिवेंज’ को मिल रही तारीफें इसकी सफलता को और मजबूत बना रही हैं। ऋषभ शेट्टी की प्रतिक्रिया ने इस फिल्म को लेकर चर्चा को नई दिशा दे दी है।