ऋषभ शेट्टी ने दिल्ली की CM रेखा गुप्ता से की मुलाकात, कांतारा चैप्टर-1 की सफलता पर मिली बधाई

Rishab Shetty Meets Delhi CM Rekha Gupta: ‘कांतारा चैप्टर-1’ की शानदार सफलता के बीच ऋषभ शेट्टी ने सीएम रेखा गुप्ता से मुलाकात की। जनसेवा सदन में हुई इस भेंट की तस्वीरें ऋषभ ने सोशल मीडिया पर साझा कीं।
ऋषभ शेट्टी ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से की मुलाकात, कांतारा चैप्टर-1 की सफलता पर मिली बधाई
ऋषभ शेट्टी ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से की मुलाकात
Published on
Updated on

Rishab Shetty Film Kantara Chapter 1: कन्नड़ सिनेमा के सुपरस्टार और निर्देशक ऋषभ शेट्टी की हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘कांतारा चैप्टर-1’ बॉक्स ऑफिस पर धूम मचा रही है। फिल्म की अपार सफलता के बीच ऋषभ शेट्टी ने बुधवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मुलाकात की। यह मुलाकात मुख्यमंत्री जनसेवा सदन में हुई। ऋषभ शेट्टी ने इस मुलाकात की तस्वीरें अपने सोशल मीडिया हैंडल पर शेयर कीं, जिसमें वे मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उनकी टीम के साथ नजर आए।

ऋषभ शेट्टी ने तस्वीरों के साथ कैप्शन में कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का हार्दिक धन्यवाद, जिन्होंने हमारा गर्मजोशी से स्वागत किया और हमारी फिल्म की सराहना की। जनसेवा सदन में आपसे मिलना हमारे लिए गर्व का क्षण रहा। 'कांतारा चैप्टर-1' और इसके भारत की आध्यात्मिक व सांस्कृतिक छवि को दर्शाने के लिए आपकी प्रशंसा हमारे लिए बहुत मायने रखती है। आपके समर्थन से हम विनम्र और प्रेरित हैं। हम भारत की समृद्ध संस्कृति और विरासत से जुड़ी कहानियों को वैश्विक मंच तक पहुंचाते रहेंगे।

कांतारा चैप्टर-1 को सीएम रेखा गुप्ता ने दी बधाई

फिल्म ‘कांतारा चैप्टर-1’ ने न केवल दर्शकों का दिल जीता है, बल्कि भारतीय सिनेमा में अपनी अनूठी कहानी और शानदार प्रस्तुति के लिए समीक्षकों की भी सराहना बटोरी है। यह फिल्म भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिकता और परंपराओं को खूबसूरती से पेश करती है, जिसे दर्शक काफी पसंद कर रहे हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ऋषभ शेट्टी की इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी और फिल्म के सांस्कृतिक महत्व की सराहना की। ऋषभ ने भी इस मुलाकात को अपने लिए गर्व का क्षण बताया।

ऋषभ शेट्टी की फिल्म कांतारा चैप्टर-1

‘कांतारा चैप्टर-1’ ऋषभ शेट्टी की 2022 की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘कांतारा’ का प्रीक्वल है। फिल्म की स्क्रिप्ट और निर्देशन ऋषभ शेट्टी ने किया है, जबकि विजय किरगंडुर फिल्म के निर्माता हैं। फिल्म में जयराम, राकेश पुजारी और रुक्मिणी वसंत जैसे कलाकार अहम किरदार में नजर आते हैं। फिल्म की सफलता और इसका सांस्कृतिक संदेश दर्शकों और आलोचकों दोनों के बीच सराहनीय माना जा रहा है। इस मुलाकात से ऋषभ शेट्टी की उपलब्धियों और उनकी फिल्म की भारतीय संस्कृति और विरासत को बढ़ावा देने वाली कोशिश पर भी जोर दिया गया।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com